Virat Kohli vs Gautam Gambhir: लखनऊ सुपर जायंट्स के मेंटर गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) पर लखनऊ के इकाना स्टेडियम में सोमवार को मैच के दौरान IPL की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए मैच फीस का 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। जबकि नवीन-उल-हक (Naveen-ul-Haq) पर 50% फीस का जुर्माना लगाया गया। बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर मैच के दौरान और बाद में विराट कोहली, अमित मिश्रा, नवीन-उल-हक और गौतम गंभीर से जुड़ी तीन अलग-अलग घटनाएं हुईं। दोनों टीमों के मैच के दौरान कोहली और गंभीर मारपीट पर उतारू हो गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। क्रिकेट एक्सपर्ट और फैंस असहज स्थिति में हैं।
कैमरे में कैद हुई इस शर्मनाक लड़ाई में दोनों क्रिकेटरों ने एक दूसरे को भद्दी-भद्दी मां बहन की गालियां भी दी। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर और लखनऊ सुपर जाइंट्स के बीच सोमवार की रात हुए IPL मैच के दौरान हुई इस झड़प की शुरूआत कब और कहां से हुई, इसे लेकर वहां मौजूद लोगों के अलग अलग दावा है। लेकिन दोनों के बीच असल में क्या बात हुई? काइल मेयर्स और विराट कोहली के बीच क्या बात हो रही थी, जो गंभीर उन्हें खींचकर ले आए? चलिए हम आपको पूरी कहानी बता रहें हैं।
चश्मदीद ने बताई पूरी कहानी
दोनों के बीच हुई बहस के दौरान किसने क्या कहा एक चश्मदीद ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को पूरी कहानी बताई है। एक टीम में शामिल प्रत्यक्षदर्शी ने कहा,"आपने टीवी पर देखा कि काइल मायर्स और विराट कोहली मैच के बाद कुछ देर तक साथ चल रहे हैं। मायर्स ने विराट से पूछा कि वह उन्हें लगातार गालियां क्यों दे रहे थे तब कोहली ने कहा कि वह (मायर्स) उन्हें घूर क्यों रहा था। इससे पहले अमित मिश्रा ने अंपायर से शिकायत की थी कि विराट 10वें नंबर के बल्लेबाज नवीनुल हक को लगातार गालियां दे रहे हैं।"
इसके कुछ सेकंड के बाद लखनऊ के सलामी बल्लेबाज काइल मेयर्स को कोहली के साथ बात करते देखा गया। फिर वहां गौतम गंभीर आए और मेयर्स को दूर ले गए, इस दौरान कोहली नाराज दिख रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी ने आगे कहा,"गौतम को लगा कि हालात बिगड़ जाएंगे तो उसने मायर्स को वहां से खींच लिया और कहा कि बात मत करो। तब विराट ने कुछ कहा। इसके बाद तीखी बहस हुई जो बचकाना थी।"
चश्मदीद ने बताया, "गौतम गंभीर ने कहा कि क्या बोल रहा है बोल..। इस पर विराट ने कहा कि मैंने आपको कुछ बोला ही नहीं, आप क्यों घुस रहे हो? इस पर गौतम ने कहा कि तूने अगर मेरे प्लेयर को बोला है तो मतलब तूने मेरी फैमिली को गाली दिया है। विराट ने इस पर कहा कि तो आप अपनी फैमिली को संभालकर रखिए।" उन्होंने कहा, "गंभीर ने कहा कि तो अब तू मुझे सिखाएगा। इसके बाद दोनों को अलग किया गया।"
अमित मिश्रा ने मामला बढ़ता देख दोनों को अलग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों का बर्ताव बचकाना था। इससे पहले 2013 में भी RCB और कोलकाता नाइट राइडर्स के मैच के दौरान दोनों में झड़प हुई थी। कोहली उस समय सुपरस्टार बनने की ओर थे, जबकि गंभीर KKR के कप्तान थे। गंभीर आज भी उतने ही आक्रामक हैं और टीवी एक्सपर्ट भी हैं। इसके अलावा लखनऊ के मेंटोर या रिमोट कंट्रोल कप्तान हैं। वहीं, कोहली आरसीबी के स्टार क्रिकेटर हैं। हालांकि, कागजों पर फाफ डु प्लेसी कप्तान हैं।