NZ vs Ind 3rd T20 Highlights: भारत (India) और न्यूजीलैंड (New Zealand) के बीच तीसरा और अंतिम टी20 (NZ vs Ind 3rd T20) मुकाबला मंगलवार को बारिश के कारण डकवर्थ लुईस नियम (DLS) के तहत टाई रहा। इसके साथ ही भारत ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 1-0 से जीत ली है। तीन मैचों की सीरीज का पहला मैच बारिश से धुल गया था, जबकि भारत ने दूसरा मैच 65 रन से जीता। वहीं, तीसरा मैच आज टाई रहा और भारत ने सीरीज अपने नाम कर ली। 17 रन पर चार विकेट लेने वाले मोहम्मद सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच और सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार दिया गया।
भारत ने आखिरी पांच ओवरों में शानदार वापसी करते हुए न्यूजीलैंड को मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह के चार-चार विकेटों की बदौलत 160 रन पर समेट दिया। हालांकि, एक समय वह दो विकेट पर 130 रन बनाकर बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही थी। लेकिन आखिरी पांच ओवरों में कीवी टीम ने अपने आठ विकेट गंवाए।
न्यूजीलैंड की तरफ से डेवोन कॉन्वे (59) और ग्लेन फिलिप्स (54) ने अर्धशतक बनाए। कप्तान केन विलियम्स की जगह खेल रहे मार्क चैपमैन ने 12 रन बनाए। कॉन्वे ने 49 गेंदों में पांच चौके और दो छक्के लगाए, जबकि फिलिप्स ने 33 गेंदों में पांच चौके और तीन छक्के लगाए।
भारत की तरफ से अर्शदीप ने 37 रन पर चार और सिराज ने 17 रन पर चार विकेट लिए। हर्षल पटेल को 28 रन पर एक विकेट मिला। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 9 ओवर में चार विकेट पर 75 रन बनाए। लेकिन फिर बारिश आने के कारण खेल रोक देना पड़ा। भारत DLS के तहत एकदम पार स्कोर पर खड़ा था। अगर भारत को स्कोर 76 होता, तो भारत यह मैच जीत जाता। लेकिन मैच फिर शुरू नहीं हो पाया और मैच टाई रहा।
भारत की तरफ से कप्तान हार्दिक पांड्या ने आक्रामक अंदाज में खेलते हुए 18 गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 30 रन बनाए। जबकि पिछले मैच के शतकधारी सूर्यकुमार यादव इस बार 13 रन बनाकर आउट हुए। भारतीय टीम अब न्यूजीलैंड में तीन वनडे मैचों की सीरीज खेलेगी। पहला मुकाबला 24 नवंबर को खेला जाएगा। टीम इंडिया की अगुवाई शिखर धवन करेंगे।