बॉलीवुड के 'बादशाह' शाहरुख खान (Shah Rukh Khan) के बंगले 'मन्नत (Mannat)' के बाहर लगी नई नेमप्लेट (Nameplate for Mannat) पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मुंबई के बांद्रा स्थित बॉलीवुड के 'किंग खान' के घर के बाहर पहुंचे कई फैंस ने इस नेमप्लेट के साथ अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की। ऐसा दावा किया जा रहा है कि 'मन्नत' के बाहर लगी नई नेमप्लेट में हीरे जड़े हैं। कुछ यूजर्स ने दावा किया कि शाहरुख की इंटीरियर डिजाइनर पत्नी गौरी खान (Gauri Khan) ने घर के एंट्रेंस में डायमंड वाली नेमप्लेट लगवाई है। इस बीच, अब गौरी खान ने खुद इसकी सच्चाई बता दी है।
इंस्टाग्राम (instagram) अकाउंट पर गौरी खान ने एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें उनके बगल में एक ऊंची सी नेमप्लेट है जिसपर बड़े अक्षरों में 'MANNAT' लिखा है। नेम प्लेट का इसका फॉन्ट बेहद सिंपल है। नेमप्लेट में ग्लास क्रिस्टल के कारण एक शानदार बैकग्राउंड नजर आ रहा है। गौरी ने खुद एक इंटीरियर डिजाइनर हैं। ऐसा माना जा रहा है कि उन्होंने खुद नई नेमप्लेट को डिजाइन की है। अपने पोस्ट में उन्होंने इस्तेमाल की गई सामग्रियों और उनके महत्व के बारे में जानकारी दी है।
नेमप्लेट की तस्वीर के साथ गौरी ने कैप्शन में लिखा, ‘हर घर का मेन डोर, आपके परिवार और दोस्तों का एंट्री प्वाइंट होता है। इसलिए नेम प्लेट पॉजिटिव एनर्जी लेकर आती है। हमने (नेम प्लेट के लिए) ग्लास क्रिस्टल्स (Glass Crystals) के साथ एक ट्रांसपेरेंट मेटेरियल सेलेक्ट किया है, जिससे एक पॉजिटिव, मूड बेहतर करने वाली और शांत वाइब आती है। #GauriKhanDesigns।’
इसी साल मई में सोशल मीडिया पर शाहरुख खान के घर के बाहर फोटोज क्लिक करवाने वाले कई फैंस ने नोटिस किया था कि 'मन्नत' की नेम प्लेट गायब है। रिपोर्ट्स में कहा गया कि नेम प्लेट रिपेयर होने के लिए भेजी गई थी। अब हाल ही में जब फैंस ने मन्नत के बाहर से नई तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की तो इनमें नई नेम प्लेट दिखी। इसके बाद कुछ सोशल मीडिया यूजर्स दावा करने लगे कि नेम प्लेट में हीरे जड़े हैं।
शाहरुख का घर मन्नत आज न केवल बांद्रा एरिया में एक आकर्षक का केंद्र है, बल्कि एक पर्यटन स्थल भी बन चुका है जो किंग खान के हजारों फैंस को आकर्षित करता है। हर साल अपने जन्मदिन के मौके पर अभिनेता अपने घर के सामने सड़क पर इकट्ठा होने वाली भारी भीड़ का अभिवादन करने के लिए अपनी बालकनी से बाहर निकलते हैं।