Women's IPL Auction 2023: पुरुष के बाद अब महिला आईपीएल से मालामाल होगा BCCI, नीलामी से हो सकती है 4000 करोड़ की कमाई

Women's IPL Auction 2023: इस साल इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की तर्ज पर महिला आईपीएल शुरू होने जा रहा है। बुधवार को महिला आईपीएल की टीमों के लिए बोली लगनी है, जिसके जरिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को 4,000 करोड़ रुपये की कमाई हो सकती है। नीलामी में प्रत्येक टीम के 500 से 600 करोड़ रुपए में बिकने की उम्मीद है

अपडेटेड Jan 23, 2023 पर 5:34 PM
Women's IPL Auction 2023: पहला महिला IPL मार्च के पहले सप्ताह में शुरू हो सकता है जिसमें 5 टीमें भाग लेंगी। सारे मैच मुंबई में खेले जाएंगे

Women's IPL Auction 2023: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को बुधवार 25 जनवरी को होने वाली महिला आईपीएल (WIPL) की पांच टीमों की नीलामी से कम से कम 4,000 करोड़ रुपए की कमाई होने की उम्मीद है क्योंकि इसमें शीर्ष कारोबारी घराने अपनी बोली लगाएंगे। मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, टीमों की बंद बोली नीलामी में प्रत्येक टीम के 500 से 600 करोड़ रुपए में बिकने की उम्मीद है। बता दें कि इस साल इंडियन प्रीमियर लीग की तर्ज पर महिला आईपीएल शुरू होने जा रहा है। बुधवार को महिला आईपीएल की टीमों के लिए बोली लगनी है, जिसके जरिए बीसीसीआई को 4,000 करोड़ रुपये की कमाई हो सकती है।

इससे पहले पुरुष आईपीएल टीमों की नीलामी में काम कर चुके उद्योग जगत से जुड़े एक अंदरूनी सूत्र ने नीलामी से पूर्व पीटीआई से कहा कि WIPL में काफी संभावना है। कुछ बोली 500 करोड़ रुपए या इससे अधिक तक लग सकती हैं। 800 करोड़ रुपए से अधिक की बोली लगने की संभावना कम है लेकिन बीसीसीआई को शिकायत नहीं होगी। WIPL की टीमों को खरीदने के लिए 30 से अधिक कंपनियों ने पांच करोड़ रुपए में बोली दस्तावेज खरीदे हैं। इनमें पुरुष आईपीएल टीमों का मालिकाना हक रखने वाली 10 कंपनियां भी शामिल है।

ये दिग्गज कारोबारी टीमों को खरीदने में दिखाई दिलचस्पी


पीटीआई के मुताबिक, अडानी ग्रुप, टोरेंट ग्रुप, हल्दीराम प्रभुजी, कैपरी ग्लोबल, कोटक और आदित्य बिरला ग्रुप ने भी टीमों को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है। इनमें वह कंपनियां भी शामिल हैं जो 2021 में पुरुष आईपीएल की दो नई टीमों को खरीदने में नाकाम रही थी। आईपीएल टीमों में मुंबई इंडियंस, राजस्थान रॉयल्स, दिल्ली कैपिटल और कोलकाता नाइट राइडर्स टीम खरीदने में अधिक दिलचस्पी दिखा सकते हैं। उन्होंने वैश्विक स्तर पर भी टीम खरीदी हैं।

मार्केट के जानकारों के अनुसार व्यावसायिक घराने टीम खरीदने के लिए दो सिद्धांतों पर अपनी बोली लगाते हैं। इनमें पहला निवेश पर प्रतिफल (Return on Investment- ROI) है, जो किसी भी व्यवसाय का मूल सिद्धांत है। दूसरा व्यावसायिक सिद्धांत नहीं है, लेकिन व्यावसायिक समुदाय इसे अहं से जुड़ा हुआ मानते हैं।

बोली से जुड़े आईपीएल फ्रेंचाइजी के एक पूर्व अधिकारी ने कहा कि माना कि कोई फ्रेंचाइजी पांच साल के लिए 500 करोड़ रुपए की सफल बोली लगाती है तो यहां प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपए होगा।

टीमों की कैसे होगी कमाई?

फ्रेंचाइजी के आय के स्रोतों के बारे में उन्होंने कहा कि बीसीसीआई अपने मीडिया ब्रॉडकास्ट रेवेन्यू को वितरित करता है जो कमाई का मुख्य स्रोत है। दूसरा बीसीसीआई के प्रयोजन से मिलने वाला हिस्सा है। तीसरा फ्रेंचाइजी अपने खुद के प्रायोजन से कमाई करती है तथा चौथा गेट की बिक्री और टिकटों की बिक्री से होने वाली कमाई है। रिपोर्ट के मुताबिक, पांच टीमों का महिला आईपीएल मार्च में मुंबई में खेला जाएगा।

Viacom18 ने 951 करोड़ रुपये में हासिल किया मीडिया राइट्स

महिला इंडियन प्रीमियर लीग (WIPL) के मीडिया राइट्स (WIPL Media Rights) को Viacom18 ने हासिल किया है। WIPL के मीडिया राइट्स से भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) को 951 करोड़ रुपये मिले हैं। 2023 से 2027 तक महिला आईपीएल के मीडिया राइट्स viacom18 के पास ही रहेंगे। बीसीसीआई ने हाल ही में इसका ऐलान करते हुए कथा कि वायकॉम 18 ने डिजनी स्टार और सोनी को पछाड़कर आगामी महिला आईपीएल के मीडिया अधिकार पांच साल के लिए 951 करोड़ रूपये में खरीदे हैं। BCCI सचिव जय शाह के अनुसार, अगले पांच साल में प्रति मैच 7 करोड़ 90 हजार रूपये फीस होगी।

जय शाह ने ट्वीट किया, "Viacom18 को महिला आईपीएल के मीडिया अधिकार मिलने पर बधाई। बीसीसीआई और महिला क्रिकेट में विश्वास करने के लिए धन्यवाद। वायकॉम ने 951 करोड़ रूपये में अधिकार खरीदे यानी प्रति मैच सात करोड़ 90 हजार रूपये अगले पांच साल तक। यह महिला क्रिकेट के लिए बड़ी बात है।"

ये भी पढ़ें- Women's IPL 2023: महिला आईपीएल से मालामाल हुआ BCCI, Viacom18 ने 951 करोड़ रुपये में हासिल किया मीडिया राइट्स

उन्होंने आगे लिखा था, "समान मैच फीस के बाद महिला आईपीएल के मीडिया अधिकारों के लिए बोली ऐतिहासिक है। यह भारत में महिला क्रिकेट सशक्तिकरण के लिए बड़ा और निर्णायक कदम है। नई शुरूआत।" पहला महिला आईपीएल मार्च के पहले सप्ताह में शुरू हो सकता है जिसमें पांच टीमें भाग लेंगी। सारे मैच मुंबई में खेले जाएंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।