ICC World Cup 2023: क्रिकेट का महाकुंभ कहा जाने वाला आईसीसी पुरुष वनडे वर्ल्ड कप 2023 आगामी 5 अक्टूबर को शुरू होने जा रहा है। इस वर्ल्ड कप से एडवरटाइजिंग रेवेन्यू 2,000 करोड़ रुपये से अधिक आने का अनुमान है। मार्केट एक्सपर्ट्स को फेस्टिव सीजन के दौरान विज्ञापन खर्च में 15 प्रतिशत की वृद्धि होने की उम्मीद है। वर्ल्ड कप 2023 का पहला मुकाबला पिछली बार की चैंपियन टीम इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच होगा। टीम इंडिया अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत 8 अक्टूबर को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी।
भारतीय क्रिकेट फैंस चाहेंगे कि टीम इंडिया अपना तीसरा ODI वर्ल्ड कप खिताब हर हाल में घर से बाहर न जाने दे। मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि दशहरा-दिवाली के दौरान होने वाले सबसे बड़े क्रिकेट टूर्नामेंट में से एक ने विज्ञापनदाताओं की रुचि बढ़ा दी है। इस साल क्रिकेट महाकुंभ में विज्ञापन खर्च 2019 वर्ल्ड कप के मुकाबले दोगुना होने की उम्मीद है।
विज्ञापन एजेंसी पल्प स्ट्रैटेजी (Pulp Strategy) की MD अंबिका शर्मा ने कहा, "मेरा अनुमान है कि फेस्टिव सीजन में विज्ञापन खर्च 2022 की तुलना में 2023 में कम से कम 10-15 प्रतिशत बढ़ जाएगा। इसका एक कारण आगामी क्रिकेट वर्ल्ड कप है जो बड़ी संख्या में दर्शकों को आकर्षित करेगा।" फेस्टिव पीरियड में कुल सलाना विज्ञापन खर्च का लगभग 40-45 फीसदी होता है।
2,200 करोड़ रुपये का Ad रेवेन्यू आने की संभावना
वर्ल्ड कप से TV और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर संयुक्त रूप से 2,000-2,200 करोड़ रुपये का Ad रेवेन्यू आने की संभावना है। वर्ल्ड कप 2023 के लिए डिजिटल रेवेन्यू इस साल काफी अधिक हो सकता है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, डिजिटल रेवेन्यू पिछले बार की तुलना में कम से कम 70 प्रतिशत अधिक बढ़ सकता है।
Elara Capital के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट करण तौरानी ने मनीकंट्रोल से बातचीत में कहा कि 2019 क्रिकेट वर्ल्ड कप का डिजिटल विज्ञापन-आधारित रेवेन्यू 400-500 करोड़ रुपये के बीच था। उन्होंने कहा कि हालांकि डिजिटल विज्ञापन का रेट टीवी विज्ञापन जितना अधिक नहीं हो सकता है, लेकिन इनमें काफी इजाफा होने की उम्मीद है।
उनके मुताबिक, इस साल वर्ल्ड कप के लिए टीवी पर विज्ञापन खर्च 20 प्रतिशत अधिक होने का अनुमान है। भारत-पाकिस्तान जैसे हाई प्रोफाइल मैचों के लिए 10 सेकंड के स्लॉट की दरें लगभग 30 लाख रुपये हैं। क्रिकेट वर्ल्ड कप से 2023 के विज्ञापन खर्च में लगभग दो प्रतिशत की वृद्धि होने की संभावना है।
वर्ल्ड कप 2023 के आधिकारिक प्रसारक और स्ट्रीमिंग पार्टनर Disney Star ने अब तक टूर्नामेंट के लिए 21 कंपनियों और 500 से अधिक विज्ञापनदाताओं के साथ करार किया है। टूर्नामेंट के स्पोंसर्स में Mahindra & Mahindra, Hindustan Unilever, MRF Tyres, Dream11, Booking.com आदि शामिल हैं।