Cyclone Biparjoy LIVE: 94,000 से ज्यादा लोगों को निकाला गया
चक्रवात बिपरजोय गुजरात के करीब पहुंचने वाला है। ऐसे में राज्य प्रशासन ने कहा कि उसने अब तक आठ तटीय जिलों में रहने वाले 94,000 से ज्यादा लोगों को शेल्टर में शिफ्ट कर दिया है।
गुजरात सरकार ने बताया कि अब तक निकाले गए 94,427 लोगों में से, कच्छ जिले में लगभग 46,800, देवभूमि द्वारका में 10,749, जामनगर में 9,942, मोरबी में 9,243, राजकोट में 6,822, जूनागढ़ में 4,864, पोरबंदर में 4,379 और गिर सोमनाथ जिले में 1,605 लोगों को निकाला गया है।
प्रेस रिलीज में बताया गया कि जिन लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया गया, उनमें लगभग 8,900 बच्चे, 1,131 गर्भवती महिलाएं और 4,697 बुजुर्ग शामिल हैं। इन आठ जिलों में कुल 1,521 आश्रय गृह बनाए गए हैं। मेडिकल टीमें मुआयना कर रही हैं।