Cyclone Mocha: इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट (IMD) ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने वाला चक्रवात 'मोचा (Mocha)' शुक्रवार यानी 12 मई तक एक बहुत ही गंभीर तूफान में बदल सकता है। इस दौरान हवा की गति 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि इस सप्ताह कभी भी यह तूफान पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तट से टकरा सकता है। IMD ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों में अगले चार दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में शनिवार को चक्रवाती सर्कुलेशन की स्थिति बनने को मौसम वैज्ञानिक इस सप्ताह क्षेत्र में चक्रवाती तूफान आने की आशंका तेज होने के रूप में देख रहे हैं।
IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि चक्रवाती तूफान 10 मई तक धीरे-धीरे बढ़ेगा और तीव्र होता रहेगा। यह तूफान बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग की ओर बढ़ेगा और 12 मई की सुबह तक यह बंगाल की पूर्वी मध्य खाड़ी के मध्य भाग के ऊपर होगा। उन्होंने कहा कि 'हम उम्मीद कर रहे हैं कि यह बंगाल की मध्य खाड़ी के ऊपर एक बहुत ही भयंकर चक्रवाती तूफान बन जाएगा और 12 मई से यह अपना रास्ता बदल लेगा। इसके बाद इसके बांग्लादेश और म्यांमार तट की ओर बढ़ने की उम्मीद है।"
इन राज्यों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक देश के कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि मोचा के कारण 9 मई से 13 मई तक आंध्र प्रदेश, ओडिशा और बंगाल में मूसलाधार बारिश होगी। विभाग के मुताबिक, आंध्र प्रदेश, बिहार, पंजाब, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, केरल, कर्नाटक के दक्षिणी भाग, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय के कई इलाकों में भारी बारिश होगी। वहीं, 9 और 10 मई को अरुणाचल प्रदेश और उत्तराखंड में ओलावृष्टि की आशंका है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को चक्रवात ‘मोचा’ को लेकर लोगों को आश्वासन दिया कि आवश्यक एहतियाती कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि चक्रवात के राज्य में आने का अनुमान नहीं है। उन्होंने कहा कि चक्रवात से घबराने की कोई बात नहीं है… हो सकता है कि यह पश्चिम बंगाल में दस्तक नहीं दे। लेकिन राज्य के तटीय इलाकों को सतर्क रहने को कहा गया है। एहतियात के तौर पर 10 और 11 मई को सुंदरबन और दीघा में अलर्ट जारी किया गया है।
अलीपुर मौसम विभाग ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र का राज्य पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। सीएम ने कहा कि चक्रवात की तैयारियों पर चर्चा के लिए एक बैठक भी हुई। मछुआरों को भी समुद्र में न जाने को कहा गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, 10 मई से सप्ताह के अंत तक बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में समुद्र बहुत अशांत रहने की संभावना है।