December Aviation Data: देश के भीतर आवाजाही के लिए हवाई सफर का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों की संख्या में दिसंबर महीने में 13.7 फीसदी का इजाफा हुआ है। पिछले महीने 127.35 लाख यात्रियों ने हवाई सफर किया है। यह आंकड़े आज 19 जनवरी को डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने जारी किए हैं। नवंबर की तुलना में दिसंबर में अधिक लोगों ने हवाई सफर किया है। नवंबर में देश में 116.79 लाख यात्रियों ने फ्लाइट से सफर किया था। हालांकि, ये आंकड़े अभी भी कोरोना महामारी के पहले के लेवल से कम हैं। दिसंबर 2019 में 130.18 लाख यात्रियों ने फ्लाइट से सफर किया था।
47.05 फीसदी का एनुअल ग्रोथ
सिविल एविएशन रेगुलेटर ने कहा कि जनवरी-दिसंबर 2022 की अवधि के दौरान देश में 1,232.45 लाख यात्रियों ने हवाई सफर किया, जबकि एक साल पहले की अवधि में यह आंकड़ा 838.14 लाख था। इसका मतलब है कि इसमें 47.05 फीसदी का एनुअल ग्रोथ देखने को मिला है।
यात्रियों ने इंडिगो की फ्लाइट का सबसे ज्यादा किया इस्तेमाल
भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की बाजार हिस्सेदारी नवंबर और अक्टूबर में समान गिरावट के बाद दिसंबर में फिर से 80 बेसिस प्वाइंट गिर गई। एयरलाइन की बाजार हिस्सेदारी अब 54.9 प्रतिशत है। दिसंबर में 69.97 लाख यात्रियों ने इंडिगो की फ्लाइट से हवाई सफर किया है। वहीं, पिछले महीने एयर इंडिया दूसरे नंबर पर रहा। इस अवधि के दौरान 11.71 लाख यात्रियों ने एयर इंडिया की फ्लाइट से सफर किया और एयरलाइन की बाजार हिस्सेदारी 9.2 प्रतिशत रही। दिसंबर में विस्तारा की बाजार हिस्सेदारी भी 9.2 फीसदी रही, लेकिन इसकी फ्लाइट में 11.70 लाख यात्रियों ने सफर किया, जिसके चलते यह तीसरे नंबर पर है। दिसंबर में विस्तारा की बाजार हिस्सेदारी में 10 आधार अंकों की बढ़ोतरी हुई है।