स्वाति मालीवाल को कार से 10-15 मीटर घसीटे जाने का सामने आया VIDEO, गाड़ी की खिड़की में फंस गया था उनका हाथ
स्वाति मालीवाल के साथ हुई इस कथित घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्हें एम्स के बाहर कार से 10-15 मीटर तक घसीटते हुए देखा जा सकता है। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार तड़के हुई घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसकी पहचान दक्षिण दिल्ली के संगम विहार निवासी 47 वर्षीय हरीश चंद्र के तौर पर हुई है
दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल ने कहा था कि उनका हाल भी अंजलि जैसा हो सकता था
दिल्ली महिला आयोग (DCW) की प्रमुख स्वाति मालीवाल (Swati Maliwal) ने गुरुवार को आरोप लगाया कि AIIMS के बाहर नशे में धुत एक कार सवार ने उनके साथ छेड़छाड़ की और फिर उन्हें अपनी गाड़ी से 10-15 मीटर तक घसीटा। उनका दावा है कि गाड़ी की खिड़की में उनका हाथ फंस गया था, तभी वाहन चालक ने कार आगे बढ़ा दी। स्वाति मालीवाल के साथ हुई इस कथित घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्हें एम्स के बाहर कार से 10-15 मीटर तक घसीटते हुए देखा जा सकता है। दिल्ली पुलिस ने गुरुवार तड़के हुई घटना के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिसकी पहचान दक्षिण दिल्ली के संगम विहार निवासी 47 वर्षीय हरीश चंद्र के तौर पर हुई है।
DCW प्रमुख ने कहा कि वह कंझावला की घटना के मद्देनजर दिल्ली में महिला सुरक्षा का जायजा लेने के लिए अपनी टीम के साथ राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर थीं। घटना के वक्त उनकी टीम उनसे कुछ दूर थी। मालीवाल ने ट्विटर पर कहा, ‘‘कल देर रात मैं दिल्ली में महिला सुरक्षा के हालात का निरीक्षण कर रही थी। एक गाड़ी वाले ने नशे की हालत में मुझसे छेड़छाड़ की और जब मैंने उसे पकड़ा तो गाड़ी के शीशे में मेरा हाथ बंद कर मुझे घसीटा। भगवान ने जान बचाई।’’
मालीवाल ने कहा, ‘‘निरीक्षण के दौरान, एक व्यक्ति ने मेरे साथ छेड़छाड़ की और मुझे अपनी कार से घसीटा। अगर दिल्ली में डीसीडब्ल्यू की प्रमुख सुरक्षित नहीं है तो कोई भी यह अंदाज़ा लगा सकता है कि दिल्ली महिलाओं के लिए कितनी असुरक्षित है।” बाद में DCW ने एक बयान जारी कर कहा कि मालीवाल एम्स के सामने रिंग रोड पर एक बस स्टॉप पर खड़ी थीं, जब कार उनके पास आई।
बयान में कहा गया है, ‘चालक ने खिड़की का शीशा नीचे किया और उनसे कार में बैठने को कहा लेकिन उन्होंने मना कर दिया। वह कुछ देर उन्हें घूरता रहा और मौके से चला गया लेकिन थोड़ी देर बाद फिर से उनके पास आया। उसने फिर से उनसे अपनी कार में बैठने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने फिर मना कर दिया। इसके बाद उसने उनकी तरफ अश्लील इशारे करने शुरू कर दिए।’
बयान में आगे कहा गया, ‘वह (मालीवाल) जब उसे फटकार लगाने के लिए उसके पास गईं तो उसने उनकी तरफ अश्लील इशारा किया। जब उन्होंने (मालीवाल ने) उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने खिड़की का शीशा ऊपर कर लिया जिस वजह से मालीवाल का हाथ उसमें फंस गया। इसके बाद उसने गाड़ी चला दी और उन्हें कुछ मीटर तक कार से घसीटा। वह किसी तरह से बच पाईं।’
आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
दक्षिण दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) चंदन चौधरी ने कहा कि गश्ती वाहन ने तड़के करीब 3:05 बजे एम्स के सामने मालीवाल को देखा और उनसे पूछा कि क्या वह किसी परेशानी में हैं। उनके अनुसार, मालीवाल ने उन्हें अपनी आपबीती सुनाई जिसके बाद उस कार का पता लगाया गया और कार चालक चंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया।
चौधरी ने बताया कि महिला आयोग की प्रमुख की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 323 (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 341 (गलत तरीके से बयान), 354 (महिला की शील भंग करने के इरादे से हमला करना या आपराधिक बल का उपयोग) और 509 (शब्द, मुद्रा या कार्य के माध्यम से महिला के शील भंग का इरादा) के साथ-साथ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कोटला मुबारकपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
बयान में आयोग ने कहा कि मालीवाल ने कंझावला मामले के बाद कंझावला, मुनिरका, मुंडका और हौज खास के पास के कई इलाकों का दौरा किया, जहां उन्होंने महिला सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील इलाकों और वहां पर पुलिस कर्मियों की तैनाती का जायजा लिया। उसके मुताबिक, वह रात में कई बस स्टॉप पर भी रुकीं और सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया।
क्या है कंझावला कांड?
कंझावला की घटना अंजलि सिंह नामक युवती की मौत से संबंधित है। सिंह की स्कूटी को 31 दिसंबर की देर रात को एक कार ने टक्कर मार दी थी, जिसके बाद वह कार में फंस गई और उसे सुल्तानपुरी से कंझावला के बीच 12 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तक घसीटा गया। मालीवाल ने यह भी कहा कि रात में निरीक्षण के दौरान, उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में महिला सुरक्षा के लिहाज से कई संवेदनशील स्थल देखे और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करेंगी।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले पर दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है। उसने ट्विटर पर कहा, “राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का संज्ञान लिया है। आयोग ने दिल्ली पुलिस से रिपोर्ट मांगी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए पत्र लिखा है।” राष्ट्रीय महिला आयोग की प्रमुख रेखा शर्मा ने ट्वीट कर मालीवाल के साथ हुई घटना को “हैरान” कर देने वाला बताया है।
उधर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, “दिल्ली में क़ानून व्यवस्था का क्या हाल हो गया? गुंडों के हौसले इतने बढ़ गये कि महिला आयोग अध्यक्ष भी सुरक्षित नहीं है।” उन्होंने कहा, “संविधान में बस एक यही काम उपराज्यपाल साहब को दिया गया है। उपराज्यपाल से निवेदन है कि कुछ दिन राजनीति छोड़ कर क़ानून व्यवस्था पर ध्यान दें। हम पूरी तरह उनका सहयोग करेंगे।”
दिल्ली महिला आयोग अध्यक्ष स्वाति मालीवाल के साथ हुई घटना का वीडियो आया सामने।
- इस घटना पर स्वाति ने कहा था कि उनका हाल भी अंजलि जैसा हो सकता था। - स्वाति की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ़्तार कर लिया गया था। - हालाँकि वीडियो सामने आने के बाद कई लोग घटना पर सवाल खड़े कर रहे हैं। pic.twitter.com/Bk6fdZrNcI — Shubhankar Mishra (@shubhankrmishra) January 20, 2023