Delhi Assembly election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अभियान जल्द ही समाप्त हो जाएगा। दिल्ली में 5 फरवरी को मतदान होगा और 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। हालांकि, प्रचार अभियान समाप्त होने से पहले आम आदमी पार्टी (AAP) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों ही मतदाताओं को लुभाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही हैं। इस बीच, दिल्ली के चुनावी मैदान में अब विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी कूद पड़े हैं। विधानसभा चुनावों से पहले जयशंकर ने दिल्ली के निवासियों को आवश्यक सेवाएं प्रदान करने में "विफल" रहने के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) के नेतृत्व वाली आतिशी सरकार की तीखी आलोचना की है।
विदेश मंत्री ने दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें विदेश में यह स्वीकार करने में "शर्मिंदगी" महसूस होती है कि राष्ट्रीय राजधानी में लोगों को केंद्रीय योजनाओं के तहत मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की कमी है। पीटीआई के मुताबिक जयशंकर ने कहा, "हालांकि, मैं एक बात छिपाता हूं... मुझे उन्हें यह बताने में शर्म आती है कि भारत की राजधानी में लोगों को आवास, गैस सिलेंडर और आयुष्मान भारत योजना का लाभ नहीं मिल रहा है।"
उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार ने इन योजनाओं को लागू नहीं किया है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राजधानी होने के नाते दिल्ली को देश में हो रहे बेहतरीन कामकाज का मॉडल होना चाहिए, लेकिन पिछले 10 सालों में यह पिछड़ गई है। बता दें कि अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली आम आदमी पार्टी 2015 से दिल्ली पर शासन कर रही है।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार कर रहे पार्टी नेता और विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार (1 फरवरी) को दावा किया कि शहर के लोग पांच फरवरी को AAP सरकार को सत्ता से बाहर कर देंगे, क्योंकि पिछले 10 सालों में लोगों को उनके अधिकारों से वंचित रखा गया है।
जेएलएन स्टेडियम में दक्षिण भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये, अटल कैंटीन और 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए मुफ्त इलाज और अन्य लाभ देने का BJP का संकल्प पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी है।
विदेश मंत्री ने कहा कि विदेशी नेता उनसे मुफ्त राशन, गरीबों के लिए घर, उज्ज्वला योजना के तहत दिए जाने वाले LPG गैस सिलेंडर और देश की अन्य पहल के बारे में जानने के लिए उत्सुक रहते हैं। उन्होंने कहा कि देश में जिन लोगों को घर दिए गए हैं, उनकी संख्या जापान की आबादी से भी ज्यादा है। जबकि रसोई गैस सिलेंडर पाने वालों की संख्या जर्मनी की आबादी से भी ज्यादा है।
जयशंकर ने कहा, "पानी, बिजली, रसोई गैस सिलेंडर, घर और स्वास्थ्य आपका अधिकार है। दिल्ली के लोगों को पिछले 10 सालों में उनके अधिकार नहीं मिले। इसलिए पांच फरवरी को वे तय करेंगे कि इस सरकार को सत्ता में रहना चाहिए या नहीं।"दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए पांच फरवरी को चुनाव होंगे। AAP, BJP और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के नतीजे 8 फरवरी को घोषित किए जाएंगे।