'अगर नेहरू के जमाने में 12 लाख कमाते तो...': टैक्स कटौती के बाद पीएम मोदी का कांग्रेस पर तंज

Delhi Election 2025: दिल्ली में पांच फरवरी को होने वाले मतदान से पहले रविवार (2 फरवरी) को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोग कभी भूल नहीं सकते कि खेलों के नाम पर किस तरह 'AAP-दा' और कांग्रेस ने दिल्ली के लोगों को धोखा दिया है। इसलिए आज का युवा भारत बीजेपी पर भरोसा करता है

अपडेटेड Feb 02, 2025 पर 3:57 PM
Story continues below Advertisement
Delhi Election 2025: पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी ही मिडिल क्लास को सम्मान देती है और ईमानदार टैक्सपेयर्स को पुरस्कार देती है

Delhi Assembly election 2025 News updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट 2025 पेश किए जाने के एक दिन बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार (2 फरवरी) को इसे देश के मध्यम वर्ग के लिए "सबसे अनुकूल" बताया। इस दौरान पीएम मोदी ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि कैसे देश के लोग अगर सालाना 12 लाख रुपए कमाते थे तो उन्हें भारी टैक्स देना पड़ता था। दिल्ली में पांच फरवरी को होने वाले चुनाव से पहले रविवार (2 फरवरी) को आरके पुरम में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तंज कसा। पीएम मोदी ने कहा कि अगर नेहरू जी के जमाने में आप 12 लाख रुपये कमाते तो 12 लाख रुपये की आय पर आपकी एक चौथाई सैलरी सरकार वापस ले लेती।

पीएम मोदी ने कहा कि अगर आज इंदिरा जी का जमाना होता तो 12 लाख रुपये तक की आय पर आपके 10 लाख रुपये टैक्स में चले जाते। 10-12 साल पहले तक, कांग्रेस की सरकार में अगर आप 12 लाख रुपये कमाते तो आपको 2 लाख 60 हजार रुपया टैक्स देना होता। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार के कल (1 फरवरी) के बजट के बाद साल में 12 लाख कमाने वाले को एक रुपया भी टैक्स नहीं देना पड़ेगा।

बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त वर्ष 2025-26 के बजट में व्यक्तिगत करदाता के लिए आयकर छूट सीमा को मौजूदा के सात लाख रुपये से बढ़ाकर 12 लाख रुपये सालाना कर दिया है। यानी जिन लोगों की आय 12 लाख रुपये सालाना है, उन्हें अब कोई टैक्स नहीं देना होगा।


पीएम मोदी का दिल्लीवासियों से वादा

पीएम मोदी ने दिल्लीवासियों को गारंटी दी कि राजधानी में बीजेपी की सरकार बनने के बाद वह झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों और मध्यम वर्ग के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए कड़ी मेहनत करेंगे। चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वह जो वादा करते हैं, उसे पूरा करते हैं। उन्होंने मध्यम वर्ग की जेब में अधिक पैसा डालने के लिए केंद्रीय बजट 2025-26 में शामिल आयकर लाभों पर प्रकाश डाला।

AAP सरकार के घोटालों पर पीएम मोदी ने निशाना साधा और कहा कि आप नेताओं को जवाब देना होगा और जिन्होंने लूटा है, उन्हें लौटाना ही पड़ेगा। केंद्रीय बजट 2025-26 पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि यह विकसित भारत के चार स्तंभों गरीब, किसान, युवा और नारी को मोदी की गारंटी को पूरा करने की गारंटी है।

उन्होंने कहा, "यह जनता जनार्दन की आकांक्षाओं का बजट है। मध्यम वर्ग को हजारों रुपए की बचत होगी क्योंकि 12 लाख रुपए तक की आय पर कर शून्य कर दिया गया है। आजादी के बाद से यह किसी भारतीय वेतनभोगी व्यक्ति को दी गई सबसे बड़ी कर छूट है।"

नेहरू-इंदिरा गांधी का किया जिक्र

उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की सरकार में 12 लाख रुपये सालाना आय वाले व्यक्ति को अपनी आय का एक-चौथाई हिस्सा कर के रूप में देना पड़ता था। प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की सरकार में 12 लाख रुपये सालाना आय वाले व्यक्ति को कर के रूप में 10 लाख रुपये का नुकसान होता था।"

PM मोदी ने आगे कहा, "10 साल पहले तक कांग्रेस सरकार में 12 लाख रुपये कमाने वाले व्यक्ति को 2.60 लाख रुपये टैक्स देना पड़ता था। लेकिन हमारी सरकार में 12 लाख रुपये कमाने वाले व्यक्ति को कोई टैक्स नहीं देना पड़ेगा।" प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि BJP की भ्रष्टाचार मुक्त सरकार ने गरीबों के विकास और कल्याण के लिए प्रत्येक रुपया खर्च किया है।

'विकास का बसंत आने वाला है'

उन्होंने कहा कि वसंत पंचमी के साथ ही मौसम बदलने लगता है। तीन दिन बाद दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने के साथ ही विकास का बसंत आने वाला है। AAP में मची भगदड़ की ओर इशारा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि झाड़ू तिनके की तरह बिखर रही हैं क्योंकि आपदा के नेता इसे छोड़ रहे हैं। हाल ही में आपदा के 8 विधायकों के BJP में शामिल होने के फैसले का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा, "आपदा सरकार दिल्ली के मतदाताओं के सामने बेनकाब हो गई है।"

ये भी पढ़ें- दिल्ली चुनाव से पहले मुश्किल में केजरीवाल! AAP के आठ विधायकों ने पहले छोड़ा साथ फिर उठाया ये बड़ा कदम

पीएम मोदी ने मतदाताओं से समर्थन मांगते हुए कहा कि दिल्ली को एक ऐसी सरकार की जरूरत है जो अपनी ऊर्जा विकास पर खर्च करे न कि दूसरों से लड़ने में। AAP सरकार ने पुराने वादों पर वोट मांगकर 10 साल बर्बाद कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन अब दिल्ली के मतदाता भारतीय जनता पार्टी की सरकार चुनेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।