Delhi flood: दिल्ली में बाढ़ का खतरा, यमुना किनारे हाहाकार, जल स्तर 208 मीटर के पार पहुंचा

Delhi flood: दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर ने राज्य के कई इलाके को डुबा दिया है। नदी में बढ़ते पानी के स्तर को देखते हुए अब राज्य सरकार भी अलर्ट है। हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़ा गया है। इसे दिल्ली पहुंचने में बेहद कम समय लगा। ऐसे में जो अनुमान लगाया गया था, उसके मुकाबले यमुना का जल स्तर बहुत तेजी से बढ़ा है

अपडेटेड Jul 13, 2023 पर 9:44 AM
Delhi flood: दिल्ली के कई इलाकों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोग अपने घरों का सामान समेट कर सुरक्षित ठिकानों पर जाने लगे हैं

Delhi Flood: देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। राजधानी में यमुना का जलस्तर सुबह 5 बजे तक पल्ला गांव के आसपास के इलाके में 212.70 मीटर तक पहुंच गया है। वहीं दिल्ली में ITO में सुबह 6 बजे यमुना का जलस्तर 208.46 मीटर तक जा पहुंचा है। हालांकि बुधवार रात 11 बजे यमुना का जलस्तर बढ़कर 208.08 मीटर था। दिल्ली शहर में बाढ़ का पानी घुस गया है। यमुना में पानी का स्तर 1978 के लेवल को पार कर चुका है। 45 साल पहले दिल्ली में भीषण बाढ़ आई थी। अब राज्य सरकार को भी गंभीर स्थिति का अंदाजा हो चुका है और मामला केंद्र बनाम राज्य होते जा रहा है।

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी है। इस चिट्ठी में उन्होंने हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज (Hathnikund barrage) से धीमी गति से पानी छोड़ने की मांग की है, ताकि यमुना का जलस्तर तेजी से न बढ़े। इस बार यमुना के जल स्तर ने 45 साल पहले के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

 यमुना का जल स्तर बढ़ने से दिल्ली सरकार ने जारी किया अलर्ट


बाढ़ के खतरे को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार ने निचले इलाकों को खाली करने की चेतावनी जारी कर दी है। जिन इलाकों में ज्यादा खतरा है उनमें बोट क्लब, मोनेस्ट्री मार्केट, पुराने रेलवे ब्रिज के पास नीली छत्री मंदिर, यमुना बाजार, गीता घाट, नीम करोली गौशाला, विश्वकर्मा और खड्डा कॉलोनी, गढ़ी मांडू, मजनू का टीला से वजीराबाद तक का क्षेत्र शामिल है। हथिनी कुंड बैराज से पिछले 24 घंटे में पानी छोड़ने की रफ्तार कम हुई है। पिछले 24 घंटे में करीब 1.5 लाख क्यूबिक फीट प्रति सेकेंड (Cusec) की रफ्तार से पानी छोड़ा जा रहा है। जबकि मंगलवार रात 9 बजे तक 3.50 लाख क्यूसेक पानी थोड़ा जा रहा था। इस लिहाज से दिल्ली में कल से जलस्तर घटना शुरू हो सकता है।

Delhi Rains Flood: भारी बारिश के बीच राजधानी के इन रास्तों पर जाने से बचें, बाढ़ के खतरे के बीच दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

यमुना के जल स्तर ने 45 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा

दरअसल, 1978 में दिल्ली में आई भीषण बाढ़ में यमुना का स्तर 207.49 मीटर तक पहुंचा था। उस दौर में दिल्ली की सड़कें और कई इलाके पूरी तरह से डूब गए थे। अभी यमुना का जलस्तर 208.46 मीटर पहुंच चुका है। सरकार ने बताया कि पुराने रेलवे पुल पर रात 10 बजे बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यमुना के जलस्तर में लगातार इजाफे के चलते नदी के किनारे वाले कई इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया है। बता दें कि खतरे का निशान 205.33 मीटर है।

दिल्ली के इन इलाकों में भरा यमुना का पानी 

यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने पर निचले इलाकों के घरों और दुकानों में पानी भर गया है। लिहाजा यहां रहने वाले हजारों लोगों को सुरक्षित क्षेत्रों में शिफ्ट कर दिया गया है। दिल्ली के यमुना बाज़ार, इंदिरा गांधी स्टेडियम के पास, दिल्ली सचिवालय के आसपास, मोनेस्ट्री मार्किट, हनुमान मंदिर कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड के एक हिस्से पर पानी भर गया है।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।