Delhi Floods: दिल्ली में शुक्रवार को यमुना के जलस्तर में मामूली कमी आई, लेकिन अभी भी राजधानी की सड़कों पर सैलाब है। इंद्रप्रस्थ के पास दिल्ली सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के रेगुलेटर को नुकसान पहुंचने के कारण ITO और राजघाट के इलाके शुक्रवार को जलमग्न हो गए जिससे हालात और बदतर हो गए हैं। बाढ़ का पानी मध्य दिल्ली के तिलक मार्ग इलाके में स्थित सुप्रीम कोर्ट तक भी पहुंच गया है। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सरकार ने मुख्य सचिव को रेगुलेटर को क्षति पहुंचने के मामले पर प्राथमिकता के आधार पर गौर करने और समस्या को हल करने का निर्देश दिया है।
