Delhi Metro Corridors: लोकसभा चुनाव से पहले केंद्र का बड़ा फैसला, ₹8400 करोड़ से दिल्ली में बनेंगे 2 नए मेट्रो कॉरिडोर

Delhi Metro Corridors: सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि दिल्ली में मेट्रो के चौथे चरण के तहत दो मेट्रो लाइनों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि पहली लाइन इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ के बीच होगी। जबकि दूसरी लाइन लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक के बीच होगी

अपडेटेड Mar 13, 2024 पर 4:56 PM
Delhi Metro Corridors: DMRC 286 स्टेशनों वाले 391 किलोमीटर के नेटवर्क का संचालन करता है

Lok Sabha Election 2024: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्र सरकार ने लोकसभा चुनाव 2024 से पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों को दो मेट्रो लाइनों की सौगात दी है। पीएम मोदी की अगुवाई में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार (13 मार्च) को दो नए दिल्ली मेट्रो कॉरिडोर के विकास को मंजूरी दी। पहली लाइन लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक (Lajpat Nagar to G Block in Saket) तक, जबकि दूसरी इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ (Inderlok to Indraprastha) तक होगी।

सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को नई दिल्ली में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद पत्रकारों को बताया कि बैठक में दिल्ली में मेट्रो के चौथे चरण के तहत दो मेट्रो लाइनों के निर्माण को मंजूरी दी गई है।

उन्होंने कहा कि पहली लाइन इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ के बीच होगी और इसकी लंबाई 12. 377 किलोमीटर होगी। उन्होंने कहा कि यह ग्रीन लाइन का विस्तार होगा। जबकि दूसरी लाइन लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक के बीच होगी जिसकी लंबाई 8. 385 किलोमीटर होगी।


केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक प्रेस कॉन्फेंस में कहा, ''आज (13 मार्च) 2 नए मेट्रो कॉरिडोर को मंजूरी दी गई है, जिस पर 8400 करोड़ रुपए व्यय होगा। लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक तक करीब 8.4 किलोमीटर लंबी मेट्रो लाइन होगी, इसमें 8 स्टेशन होंगे। दूसरी इंद्रलोक से इंद्रप्रस्थ तक है, ये करीब 12.4 किलोमीटर की मेट्रो लाइन होगी।"

2.5 लाख यात्रियों को मिलेगी राहत

नए कॉरिडोर से करीब 2.5 लाख यात्रियों को फायदा होगा। यह घोषणा लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से कुछ दिन पहले हुई है। मेट्रो प्रोजेक्ट पर करीब 8,400 करोड़ रुपये की लागत आएगी। 12.377 किलोमीटर लंबा इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर ग्रीन लाइन का विस्तार होगा। रेड, येलो, एयरपोर्ट लाइन, मैजेंटा, वॉयलेट और ब्लू लाइनों के साथ यह इंटरचेंज प्रदान करेगा, जबकि लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर सिल्वर, मैजेंटा लाइन को जोड़ेगा।

8.385 किलोमीटर लंबा लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर पूरी तरह से एलिवेटेड होगा। इसमें आठ स्टेशन होंगे। इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ कॉरिडोर में 11.349 किलोमीटर लंबी अंडरग्राउंड लाइनें और 1.028 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड लाइनें होंगी, जिसमें 10 स्टेशन होंगे।

NCR के लोगों को होगा फायदा

इंद्रलोक-इंद्रप्रस्थ लाइन हरियाणा के बहादुरगढ़ क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, क्योंकि इन क्षेत्रों के यात्री सीधे इंद्रप्रस्थ के साथ-साथ मध्य और पूर्वी दिल्ली के विभिन्न अन्य क्षेत्रों तक पहुंचने के लिए ग्रीन लाइन पर यात्रा करने में सक्षम होंगे। इन कॉरिडोर पर इंद्रलोक, नबी करीम, नई दिल्ली, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, लाजपत नगर, चिराग दिल्ली और साकेत जी ब्लॉक में आठ नए इंटरचेंज स्टेशन बनेंगे।

ये भी पढ़ें- मनोहर लाल खट्टर ने करनाल के MLA पद से दिया इस्तीफा, बोले- 'अब सैनी संभालेंगे जिम्मेदारी'

ये स्टेशन दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की सभी लाइनों के बीच इंटरकनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार करेंगे। दिल्ली मेट्रो पहले से ही अपने विस्तार के चौथे चरण के तहत 65 किलोमीटर का नेटवर्क बना रही है। इन नए कॉरिडोर के मार्च 2026 तक पूरा होने की उम्मीद है। वर्तमान में DMRC 286 स्टेशनों वाले 391 किलोमीटर के नेटवर्क का संचालन करता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।