दिल्ली-NCR में घना कोहरा, हवा भी हुई जहरीली, जानिए क्या है मौसम विभाग का अनुमान

दिल्ली में बुधवार शाम चार बजे 24 घंटे का एवरेज एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 380 दर्ज किया गया। AQI को शून्य से 50 के बीच ”अच्छा”, 51 से 100 के बीच ”संतोषजनक”, 101 से 200 के बीच ”मध्यम”, 201 से 300 के बीच ”खराब”, 301 से 400 के बीच ”बेहद खराब” और 401 से 500 के बीच ”गंभीर” माना जाता है

अपडेटेड Dec 27, 2023 पर 10:43 PM
Delhi-NCR Weather: दिल्ली में घने कोहरे के चलते आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Delhi-NCR Weather : दिल्ली में घने कोहरे के चलते आम लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, घने कोहरे के चलते हवाई और रेल सेवाएं बाधित हो रही हैं। मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली और इससे आसपास के इलाकों में चार दिनों तक घना कोहरा छाया रहेगा। इतना ही नहीं, शहर में घने कोहरे के बीच वायू प्रदूषण का स्तर भी काफी बढ़ गया है। राष्ट्रीय राजधानी में एयर क्वालिटी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। आज बुधवार को दिन में धूप खिली रही और अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

क्या है मौसम विभाग का अनुमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक गुरुवार और शुक्रवार को रात और सुबह में राष्ट्रीय राजधानी में ‘घने से बहुत घना’ कोहरा छाए रहने के आसार हैं। गुरुवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 21 और छह डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।


न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार सुबह घना कोहरा छाया रहा और कई इलाकों में विजिबिलिटी कम रही, जिससे हवाई एवं रेल सेवायें प्रभावित हुई। इसके चलते कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराज़गी जाहिर की।

हवा हुई जहरीली

इस बीच, बुधवार शाम चार बजे 24 घंटे का एवरेज एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 380 दर्ज किया गया। AQI को शून्य से 50 के बीच ”अच्छा”, 51 से 100 के बीच ”संतोषजनक”, 101 से 200 के बीच ”मध्यम”, 201 से 300 के बीच ”खराब”, 301 से 400 के बीच ”बेहद खराब” और 401 से 500 के बीच ”गंभीर” माना जाता है।

सोशल मीडिया पर यूजर्स ने दिखाया गुस्सा

सोनू चौरसिया नामक एक यात्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि उसकी निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशन से जबलपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 12192 आठ घंटे देरी से चल रही है। एक अन्य यात्री पुनित सचान ने कहा, ‘ट्रेन संख्या 14252 (श्रमशक्ति एक्सप्रेस) नौ घंटे की देरी से चल रही है, जिससे 6.5 घंटे की यात्रा काफी असुविधा में बदल गई है, खासकर बच्चों वाले यात्रियों के लिए जिनके पास अब पानी भी नहीं है।’

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।