Delhi Rain: गर्मी से मिली राहत, अब पानी बना आफत! शुरुआती बारिश में ही जलमग्न हुईं दिल्ली की सड़कें, IGI के T1 की गिरी छत

Delhi Rain News: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए सात दिनों का फोरकास्ट किया है, जिसमें ज्यादातर आसमान में बादल छाए रहने, कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जाताया गया है। दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली हवाई अड्डे की छत का एक हिस्सा गिरने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच और लोग घायल हो गए

अपडेटेड Jun 28, 2024 पर 3:06 PM
Delhi Rain: दिल्ली में भारी बारिश, सड़कों पर जलभराव से यातायात प्रभावित

राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार देर रात से जारी भारी बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया और दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयर पोर्ट के टर्मिनल-1 की छत का एक हिस्सा भी गिर गया। बारिश देर रात तीन बजे शुरू हुई थी। सफदरजंग मौसम केंद्र ने 153.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की है। लोगों ने भारी बारिश के चलते जलमग्न सड़कों और ट्रैफिक जाम में फंसी गाड़ियों की वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए सात दिनों का फोरकास्ट किया है, जिसमें ज्यादातर आसमान में बादल छाए रहने, कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश और तेज हवाओं का अनुमान जाताया गया है।

IGI एयरपोर्ट पर T1 की गिरी छत


दिल्ली फायर सर्विस (DFS) के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली हवाई अड्डे की छत का एक हिस्सा गिरने की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच और लोग घायल हो गए।

दिल्ली हवाई अड्डे के एक अधिकारी के अनुसार, सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए, टर्मिनल वन से सभी डिपार्चर अस्थायी रूप से रोक दिए गए हैं और चेक-इन काउंटर बंद कर दिए गए हैं। टर्मिनल-1 से केवल डोमेस्टिक फ्लाइट ऑपरेट हो रही हैं।

अधिकारी ने कहा कि आज दोपहर 2 बजे तक IndiGo और SpiceJet के टर्मिनल वन से उड़ान भरने वालीं सभी फ्लाइट रद्द कर दी गई हैं।

मंत्री ने लिया जायजा

अधिकारियों के अनुसार, दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे, इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर टर्मिनल के पिक-अप और ड्रॉप सेक्शन में खड़ी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जब छत की शीट और सपोर्ट बीम गिर गए।

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने कहा कि वो घटना पर "व्यक्तिगत रूप से निगरानी" कर रहे हैं और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

कई इलाकों में जलजमाव

लगातार हो रही बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी के कुछ इलाकों में जलजमाव भी हो गया है। कई यूजर्स की तरफ से सोशल मीडिया पर पोस्ट की गईं तस्वीरों में दिल्ली के कुछ इलाकों में गंभीर ट्रैफिक जाम और सड़कों पर पानी भर गया दिखाया गया है।

ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में कहा, " ‘Y-प्वाइंट’ सलीमगढ़ और निगमबोध घाट के पास जलभराव के कारण शांतिवन से ISBT की ओर और ISBT से शांतिवन की ओर आउटर रिंग रोड पर यातायात प्रभावित है। कृपया अपनी यात्रा की योजना इसके अनुसार बनाएं।"

जलभराव के कारण ITO, वीर बंदा बैरागी मार्ग और धौला कुआं पर भी यातायात प्रभावित हुआ।

दिल्ली-NCR पानी-पानी

इंडियन एक्सप्रेस ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के हवाले से बताया, मिंटो ब्रिज अंडरपास पर जलभराव के कारण कमला मार्केट से कनॉट प्लेस की ओर और इसके विपरीत दोनों कैरिजवे में मिंटो रोड पर यातायात बाधित हो रहा है।

आजाद मार्केट अंडरपास पर ट्रक भी पूरी तरह पानी में डूब गए। जलभराव से अणुव्रत मार्ग पर 100 फुटा रेड लाइट से लाडो सराय रेड लाइट तक दोनों दिशाओं में यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

कनॉट प्लेस और कई मेट्रो स्टेशनों के आसपास के इलाकों की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें सड़कों पर पानी भरा हुआ दिखाई दे रहा है। लगातार बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर जाने से नोएडा और गाजियाबाद में श्रमिकों को और भी असुविधा हुई।

इंडिया टुडे के अनुसार, ITO और नोएडा के कुछ सेक्टर, तीन मूर्ति मार्ग, मूलचंद, आनंद विहार, महरौली बदरपुर रोड, मंडावली, भीकाजी कामा प्लेस, मधु विहार, प्रगति मैदान, वीर बंदा बैरागी मार्ग, अरबिंदो मार्ग, आउटर रिंग रोड, मुनिरका, धौला कुआं, मोती बाग समेत कई इलाकों में पानी भर गया है।

दक्षिण पूर्वी दिल्ली के चितरंजन पार्क में घरों में पानी घुस गया, जिससे फर्नीचर और कई दूसरे घरेलू सामान खराब हो गया।

IMD ने जारी की एडवाइजरी

इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार, IMD अधिकारियों ने भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में जल-जमाव, कम विजिबिलिटी, सड़कों पर फिसलन और ट्रैफिक जाम से सावधान रहने के लिए एक एडवाइजरी जारी की है।

मौसम विभाग न जल-जमाव वाले इलाकों से दूर रहने, सड़कों पर यातायात की निगरानी करने और मौसम की चेतावनियों के बारे में जागरुक रहने की सलाह दी।

कई जगहों पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से कई रूट में भी बदलाव किया गया। भारत मौसम विभाग के अनुसार, एक दिन में 124.5 से 244.4 mm बारिश को बहुत भारी बारिश की कैटेगरी में रखा जाता है।

Delhi NCR Rain: दिल्ली में भारी बारिश से सड़कों पर भरा पानी, ट्रैफिक जाम, बाढ़ की आशंका

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।