Delhi Traffic Alert: मॉनसून की एंट्री होने के बाद से ही देश की राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आफत की बारिश जारी है। लगातार दो दिन से भारी बारिश के चलते सड़कें तालाब में बदल चुकी हैं। हर जगह जलजमाव की शिकायतें सामने आ रही हैं। हाइवे और अन्य मुख्य मार्गों पर सड़कों पर पानी जमा होने से दिल्ली-NCR और गुरुग्राम के हालात बेहद खराब हो गए हैं। आज दिल्ली में भयंकर ट्रैफिक जाम होने की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में आप ऑफिस निकलने से पहले दिल्ली की सड़कों का हाल जरूर पढ़ लें , वरना आपको ट्रैफिक जाम में फंसना पड़ सकता है। इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। जिसमें बताया गया है कि कहां-कहां जाम की स्थिति बन सकती है।
वहीं लोक निर्माण विभाग (Public Works Department -PWD) को भी सड़कों से जुड़ी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। ज्यादातर शिकायतें ओखला मेन रोड, कमला नगर, निलोठी, रणहोला, किरारी आदि से जुड़ी हुई हैं। PWD के अधिकारियों ने कहा कि 24x7 CCTV कैमरे से जलजमाव की स्थिति पर निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि CCTV कैमरों के अलावा, उन्हें ईमेल, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया और फोन के जरिए भी लोगों से शिकायतें मिल रही हैं।
दिल्ली के इन इलाकों में है ज्यादा दिक्कत
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस (Delhi Traffic Police) ने भी अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए लोगों को अलर्ट जारी किया है। इसमें बाराखंबा, हौजखास और करोलबाग समेत 4 इलाकों पर सड़कों पर गड्ढ़े होने की जानाकरी दी गई है। वहीं अजमेरी गेट, जनपथ खान मार्केट और किशनगंज रेलवे कॉलोनी समेत आधा दर्जन जगहों पर पेड़ गिरने की सूचना दी गई है। चिल्ला बॉर्डर, गीता कॉलोनी सर्विस रोड, आजाद मार्केट, निगम बोध घाट, राजधानी पार्क, अधचीनी रेड लाइट, वेस्ट विनोद नगर, जखीरा, अशोका होटल चाणक्यपुरी, कापसहेड़ चौक, नांगलोई फ्लाईओवर, महारानी बाग बस स्टैंड, जवाहर नेहरू स्टेडियम समेत 50 से ज्यादा इलाकों में जलजमाव की समस्या बनी हुई है। दिल्ली का मिंटो ब्रिज भी बारिश के बाद बंद कर दिया गया है। वहीं दिल्ली के आईटीओ में भी भयंकर जलभराव है। एमसीडी की ओर से पानी निकालने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके अलावा आज दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद की लाइफ लाइन एचएच-9 पर जाम की संभावना है। वहीं दिल्ली के कांलिंदी कुंज पुल पर भारी जाम मिल सकता है।
नोएडा, दिल्ली और फरीदाबाद में स्कूल हुए बंद
दिल्ली और गुरुग्राम के बाद, नोएडा प्रशासन ने भी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण गौतम बुद्ध नगर जिले के सभी स्कूलों को आज बंद रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं फरीदाबाद स्कूल प्रशासन ने यह भी घोषणा की कि छात्रों और कर्मचारियों की सुरक्षा के मद्देनजर शहर के सभी स्कूल सोमवार को बंद रहेंगे।