दिल्ली (Delhi) में आतंकी संगठनों (Terrorist Group) के साथ संदिग्ध संबंधों के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उनके घर से दो हथगोले (Hand Grenades) और इंसान के खून (Human Blood) के निशान मिले हैं। ये दोनों इस घर में किराय पर रहते थे। इस बीच पुलिस ने शनिवार को भलस्वा डेयरी क्षेत्र में एक नाले के पास से एक क्षत-विक्षत शव (Dead Body) बरामद किया है। सूत्रों ने कहा कि हत्या के बाद शव के आठ टुकड़े कर दिए गए थे। ऐसा शक है कि मरने वाला एक ड्रग रैकेट से जुड़ा हुआ था। पुलिस अभी तक शव की शिनाख्त नहीं कर पाई है। सूत्रों के मुताबिक, करीब 20-25 दिन पहले व्यक्ति की हत्या की गई थी।
पुलिस ने कहा है कि दो आरोपियों- जगजीत सिंह उर्फ जग्गा और नौशाद को सेल ने गुरुवार को आतंकवादी संगठनों के साथ उनके संदिग्ध संबंधों और जघन्य अपराधों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस के प्रवक्ता सुमन नलवा ने कहा कि आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया गया और 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
नलवा ने कहा, “जांच के दौरान, दोनों आरोपी पुलिस टीम को भलस्वा डेयरी क्षेत्र के श्रद्धानंद कॉलोनी में अपने किराए के घर पर ले गए, जहां से दो हथगोले बरामद किए गए। FSL टीम को इंसान के खून के निशान भी मिले हैं। ”
पुलिस जांच शुरू करेगी और ये पता लगाएगी कि घर में किसका खून था और क्या दोनों संदिग्धों ने किसी की हत्या की थी।
जग्गा और नौशाद को गणतंत्र दिवस समारोह से पहले तीन पिस्तौल और 22 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया था। जहां जग्गा के कनाडा में रह रहे एक खालिस्तानी आतंकवादी के साथ संबंध होने का संदेह है। वहीं पुलिस ने कहा कि नौशाद आतंकवादी संगठन 'हरकत उल-अंसार' से जुड़ा था।
पुलिस ने कहा कि कुख्यात 'बंबीहा' गैंग के सदस्य जग्गा को विदेशों में मौजूद राष्ट्र विरोधी तत्वों से निर्देश मिल रहे हैं। वे उत्तराखंड में हत्या के एक मामले में पैरोल पर है।
Hindustan Times ने पुलिस के हवाले से कहा कि दूसरी ओर, नौशाद हत्या के दो मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है और विस्फोटक अधिनियम के एक मामले में 10 साल की सजा भी काट चुका है।
HT ने एक अधिकारी के हवाले से कहा, “पिछले एक साल में, ऐसे कई उदाहरण सामने आए हैं, जिन्होंने पुष्टि की है कि पड़ोसी देश की खुफिया एजेंसी और वहां से संचालित होने वाले आतंकी संगठनों के नेताओं ने पंजाब में गैंगस्टरों को भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रभावित किया है। नौशाद की गिरफ्तारी, जिसका एक आतंकवादी संगठन से संबंध है, और जग्गा पंजाब में एक आपराधिक गिरोह से जुड़ा है, एक साथ ये विश्वास करने का कारण देता है कि आतंकवादी संगठन और गैंगस्टर हमारे देश के खिलाफ एक साथ साजिश कर रहे हैं।"