Get App

DU Admission 2021: इस बार पिछले साल की तुलना में अधिक होगी कट-ऑफ, देखें डीयू एडमिशन का पूरा शेड्यूल

विश्वविद्यालय पहली कट-ऑफ लिस्ट एक अक्टूबर को जारी करेगा

MoneyControl Newsअपडेटेड Sep 29, 2021 पर 2:58 PM
DU Admission 2021: इस बार पिछले साल की तुलना में अधिक होगी कट-ऑफ, देखें डीयू एडमिशन का पूरा शेड्यूल

Delhi University Admission 2021: दिल्ली विश्वविद्यालय (Delhi University) में इस बार कट ऑफ पिछले साल की तुलना में अधिक रह सकती है, क्योंकि इस बार CBSE बोर्ड की 12वीं की परीक्षा में 70,000 से ज्यादा छात्रों ने 95 फीसदी से अधिक अंक हासिल किए हैं। यह जानकारी कॉलेज के प्रिंसिपलों ने मंगलवार को दी।

विश्वविद्यालय पहली कट-ऑफ लिस्ट एक अक्टूबर को जारी करेगा। इसके बाद नौ अक्टूबर को दूसरी और 16 अक्टूबर को तीसरी कट-ऑफ लिस्ट जारी करेगा। इस बीच, कॉलेज रजिस्ट्रेशन डेटा का विश्लेषण करने के लिए बैठकें कर रहे हैं। एक कॉलेज के प्रिंसिपल ने नाम न छापने के अनुरोध पर बताया कि वह डेटा का विश्लेषण कर रहे हैं और इस बार कट-ऑफ पिछले साल की तुलना में अधिक होगी।

रक्षा मंत्रालय ने ऑर्डिनेंस फैक्ट्री बोर्ड को किया भंग, मैनेजमेंट और एसेट्स 7 PSU को होंगे ट्रांसफर

मिरांडा हाउस कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ बिजयलक्ष्मी नंदा (Dr Bijaylaxmi Nanda) ने पीटीआई से कहा कि उन्होंने सीबीएसई स्कूलों के प्रधानाचार्यों से बात की है और उन्होंने उन्हें बताया कि इस साल 95 प्रतिशत या इससे अधिक अंक हासिल करने वाले छात्रों की संख्या थोड़ी अधिक है। उन्होंने कहा कि कॉलेज में किसी भी पाठ्यक्रम के लिए शत-प्रतिशत कट-ऑफ नहीं होगी।

नंदा ने कहा कि कट-ऑफ में पिछली बार की तुलना में थोड़ा बदलाव किया जाएगा। कट-ऑफ 100 फीसदी के करीब होगी लेकिन हम उनके साथ यथार्थवादी होंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति विज्ञान (ऑनर्स), बीए प्रोग्राम के कुछ विषयों में, भौतिकी (ऑनर्स) आदि जैसे पाठ्यक्रमों में कटऑफ में वृद्धि 0.25 प्रतिशत से 0.5 फीसदी की होगी। पिछले साल लेडी श्रीराम कॉलेज में तीन पाठ्यक्रमों के लिए 100 फीसदी कट ऑफ थी।

राजधानी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ राजेश गिरी ने कहा कि उनके कॉलेज में सभी पाठ्यक्रमों में पिछले साल की तुलना में कट-ऑफ में दो प्रतिशत की वृद्धि होगी। डीयू के विभिन्न कॉलेजों में ग्रेजुएट के अलग अलग पाठ्यक्रमों की करीब 70,000 सीटों पर कोरोना वायरस महामारी के कारण ऑनलाइन दाखिला होगा। एक अक्टूबर को पहली कट-ऑफ जारी होने के बाद एडमिशन प्रक्रिया चार अक्टूबर को सुबह 10 बजे शुरू होगी और छह अक्टूबर को रात 11.59 बजे तक दाखिले की प्रक्रिया चलेगी।

वहीं, दूसरी कट-ऑफ नौ अक्टूबर को घोषित की जाएगी, जिसके लिए दाखिला प्रक्रिया 11 अक्टूबर को सुबह 10 बजे शुरू होगी और 13 अक्टूबर को रात 11.59 बजे तक चलेगी। डीयू ने कहा कि दूसरी लिस्ट के तहत 14 अक्टूबर को शाम पांच बजे तक दाखिले मंजूर किए जाएंगे और फीस भुगतान की आखिरी तारीख 15 अक्टूबर शाम पांच बजे तक होगी।

जबकि तीसरी लिस्ट  16 अक्टूबर को घोषित की जाएगी, जिसमें एडमिशन प्रक्रिया 18 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शुरू होगी। छात्र 21 अक्टूबर रात 11.59 बजे तक एडमिशन ले सकेंगे। डीयू ने कहा कि कॉलेज 22 अक्टूबर शाम पांच बजे तक दाखिले मंजूर करेंगे और फीस भुगतान की अंतिम तिथि 23 अक्टूबर शाम पांच बजे तक होगी।डीयू ने कहा कि कॉलेज में अगर सीटें खाली रह जाती हैं तो अन्य कट ऑफ सूचियां भी घोषित की जाएंगी।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें