Delhi Unlock: देश की राजधानी दिल्ली में अनलॉक के तीसरे चरण में दिल्ली वासियों को कापी राहत दी गई है। दिल्ली की दुकानों में अब ऑड इवन फॉर्मूले को पूरी तरह से खत्म कर दिया गया है।
कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में गिरावट आने के बाद राज्य के सीएम अरविंद केजरीवाल (CM Arvind Kejriwal) ने आज से दिल्ली के बाजारों को खोलने की अनुमति दे दी है। हालांकि कुछ जगह पाबंदी जरूरी लगाई गई है।
राज्य के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि साप्ताहिक बाजार को अनुमति दी जा रही है, लेकिन एक दिन में एक ज़ोन में एक ही साप्ताहिक बाज़ार को अनुमति दी जाएगी। शादियां 20 लोगों के साथ घर या कोर्ट में ही हो सकती हैं। धार्मिक स्थल खोले जा रहे हैं लेकिन श्रद्धालुओं को जाने की अनुमति नहीं होगी।
दिल्ली में सोमवार से रेस्टोरेंट्स (Restaurants) खोले जाएंगे। लेकिन 50 फीसदी लोगों को बैठने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा निजी दफ्तर भी 50 फीसदी क्षमता के साथ सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक काम करेंगे।
वहीं बाजार, मॉल और मार्केट कॉम्प्लेक्स में सारी दुकानें सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक खुल सकती हैं। यानी ऑड-इवन का फॉर्मूला अब खत्म कर दिया है। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली मेट्रो 50 फीसदी क्षमता के साथ चलती रहेंगी।
केजरीवाल ने साफ तौर पर कहा है कि अगर अगले हफ्ते कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी होती है, तो दिल्ली के बाजारों और रेस्टोरेंट्स में फिर से पाबंदी लगा दी जाएगी। स्कूल-कॉलेज, शिक्षण संस्थान, सामाजिक, राजनीतिक, खेल, मनोरंजन, सांस्कृतिक, धार्मिक सभाएं, स्विमिंग पूल, स्टेडियम, स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स, सिनेमा, थियेटर, एंटरटेनमेंट पार्क, बैंक्वेट हॉल, ऑडिटोरियम, स्पा, जिम, पब्लिक पार्क और गार्डन पूरी तरह बंद रहेंगे।
अभी तक इन्हें हरी झंड़ी नहीं मिली है। सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों पर भी रोक जारी है। दिल्ली में कोविड-19 संबंधी हालात काफी हद तक काबू में हैं, संभावित तीसरी लहर से निपटने की तैयारियां की जा रही हैं।
सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।
