DLI स्कीम के लिए कंपनियों के नाम हुए फाइनल, DoT इसी हफ्ते कर सकता है ऐलान : CNBC-AWAAZ SOURCES

ये पूरी डिजाइन लिंक इंसेंटिव स्कीम 4,195 करोड़ रुपये की है। इसके तहत भारतीय टेलीकॉम कंपनियां उपकरणों की मैन्युफैक्चरिंग करेंगी और उनकी डिजाइन पर सरकार उन्हें 5-8% तक इंसेंटिव देगी

अपडेटेड Oct 10, 2022 पर 12:53 PM
सरकार द्वारा जुलाई में मंगाये गये आवेदन के तहत इस स्कीम के लिए कुल 32 कंपनियों ने आवेदन किया था जिसमें 20 नई कंपनियों ने भी आवेदन किया था

दूरसंचार विभाग ने डिजाइन लिंक इंसेंटिव (Design Link Incentive (DLI) स्कीम में आवेदन करने वाली कंपनियों के नाम फाइनल कर लिए हैं। दूरसंचार विभाग इसी हफ्ते नामों की घोषणा कर सकता है। घरेलू टेलीकॉम उपकरण बनाने वाली कंपनियों को 5 से 8% तक इंसेंटिव मिलेंगे।

इस खबर पर ज्यादा जानकारी देते हुए सीएनबीसी-आवाज़ के असीम मनचंदा ने कहा कि सरकार ये चाहती है कि घरेलू टेलीकॉम उपकरणों की मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जाये। इसके लिए सरकार ने डिजाइन लिंक इंसेंटिव (DLI) योजना की घोषणा की है। ये पूरी स्कीम 4,195 करोड़ रुपये की है। इसके तहत भारतीय कंपनियां टेलीकॉम उपकरणों की मैन्युफैक्चरिंग करेंगी और वे जो डिजाइन शेयर करेंगी उस पर उन्हें सरकार द्वारा 5-8% तक इंसेंटिव दिया जायेगा।

असीम ने आगे कहा कि इस स्कीम के लिए जुलाई में सरकार ने आवेदन मंगाने की शुरुआत की थी। इस स्कीम के लिए कुल 32 कंपनियों ने आवेदन किया था। इसमें 20 नई कंपनियों ने भी आवेदन किया था। अब सूत्रों से पता चल रहा है कि DLI स्कीम में आवेदन करने वाली कंपनियों के नाम सरकार ने फाइनल कर दिये हैं। DoT इसी हफ्ते कंपनियों के नामों का ऐलान कर सकता है।


असीम ने सूत्रों के हवाले से कहा इसमें सबसे आगे सैमसंग (Samsung) और नोकिया (Nokia) का नाम चल रहा है। ये इंटरनेशनल कंपनियां जिनके आवेदन को मंजूरी मिल सकती है। इसके अलावा घरेलू कंपनियों में डिक्सन टेक्नोलॉजी, आईटीआई, तेजस, एचएफसीएल, वीवीडीएन (Dixon Technology, ITI, Tejas, HFCL, VVDN) आदि कंपनियां हैं जिनके आवेदन पर सरकार की मंजूरी आ सकती है। सरकार की मंजूरी मिलने वाली इन कंपनियों को अगले 5 साल के लिए 5 से 8 प्रतिशत का इंसेटिव मिल सकता है।

वहीं Dixon Technology के स्टॉक पर एनएवी इनवेस्टमेंट रिसर्च के आशीष बहेती ने अपनी राय देते हुए कहा कि यदि ये स्टॉक अपना 20 DEMA जो कि 4320 पर है को क्रॉस करता है तो इसमें तेजी देखने को मिल सकती है। उन्होंने कहा कि किसी को भी यदि ये स्टॉक खरीदना है तो इसे 4320 के स्तर के ऊपर ही खरीदना चाहिए।

(डिस्क्लेमरः Moneycontrol.com पर दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह निवेश विशेषज्ञों के अपने निजी विचार और राय होते हैं। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें। )

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।