डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने एयर इंडिया (Air India) को नशे की हालत में महिला पर पेशाब करने के मामले में कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह घटना नवंबर 2022 की है जब फ्लाइट में सफर के दौरान नशे की हालत में एक शख्स ने महिला यात्री पर पेशाब कर दिया था। एविएशन रेगुलेटर का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी लगभग डेढ़ महीने बाद 4 जनवरी 2023 को मिली है। एविएशन रेगुलेटर ने एयर इंडिया से इस घटना के बारे में डिटेल रिपोर्ट मांगी थी। डीजीसीए ने यह भी कहा कि घटना को लेकर एयर इंडिया का आचरण "अन-प्रोफेशनल" प्रतीत होता है और इसके चलते "सिस्टमैटिक फेलियर" हुई है।
डीजीसीए ने इस मामले में एयरलाइन, पायलटों, केबिन क्रू और इन-फ्लाइट सर्विसेज के डायरेक्टर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। DGCA ने एक स्टेटमेंट में कहा, "फैक्ट चेकिंग के लिए DGCA ने एयर इंडिया से घटना का विवरण मांगा और एयरलाइन के जवाब के आधार पर पहली नज़र में यह सामने आया कि फ्लाइट में एक अनियंत्रित यात्री से निपटने से संबंधित नियमों का पालन नहीं किया गया है। एयरलाइन ने इसे अन-प्रोफेशनल तरीके से हैंडल किया, जिसके चलते यह एक सिस्टमैटिक फेलियर का कारण बनी है। बयान में यह भी कहा गया है कि "रेगुलेटरी ऑब्लिगेशन" का पालन नहीं किया गया। DGCA ने एयरलाइन पर "सहानुभूति नहीं दिखाने" का आरोप लगाया है।
यह घटना नवंबर 2022 की है, जब फ्लाइट में सफर के दौरान नशे की हालत में एक शख्स ने महिला यात्री पर पेशाब कर दिया था। यह फ्लाइट न्यूयॉर्क से नई दिल्ली आ रही थी। महिला ने टाटा ग्रुप के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को इस घटना की जानकारी दी थी। एयर इंडिया ने आरोपी यात्री पर 30 दिनों का प्रतिबंध लगाया है। इसका मतलब है कि अब वह 30 दिनों तक एयर इंडिया की फ्लाइट से ट्रैवल नहीं कर सकेगा। महिला यात्री ने आरोप लगाया कि क्रू ने इस घटना को गंभीरता से नहीं लिया और आरोपी यात्री को नई दिल्ली में उतरने के बाद जाने दिया।
पीड़िता द्वारा एयर इंडिया को दी गई शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने बुधवार को आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज की। दिल्ली पुलिस ने कहा कि उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने बुधवार को FIR दर्ज कर उस यात्री को पकड़ने के लिए कई टीमों का गठन किया जिसने न्यूयॉर्क से दिल्ली जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट में महिला यात्री पर पेशाब कर दिया था।