Earthquake: दिल्ली-NCR में महसूस किए गए भूकंप के तेज झटके, कश्मीर और चंडीगढ़ में भी हिली धरती

दिल्ली-NCR में मंगलवार दोपहर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में कंपन महसूस की गई। भूकंप के झटकों का अहसास करीब 20 सेकंड तक रहा। इससे पहले मई के महीने में भी भूकंप के झटके लगे थे, तब भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान था

अपडेटेड Jun 13, 2023 पर 2:14 PM
Story continues below Advertisement
Earthquake: दिल्ली के अलावा, जम्मू-कश्मीर, चंडीगढ़ और पंजाब तक भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं

Earthquke Today Delhi-NCR: दिल्‍ली-एनसीआर से लेकर जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ तक भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। दिल्ली-NCR में मंगलवार दोपहर भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जानकारी के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में कंपन महसूस की गई। भूकंप के झटकों का अहसास करीब 20 सेकंड तक रहा। इससे पहले मई के महीने में भी भूकंप के झटके लगे थे, तब भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान था। न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ से 30 किमी दक्षिण पूर्व में रिक्टर पैमाने पर 5.4 तीव्रता का भूकंप आया।

दिल्ली-NCR में करीब 1: 35 पर आए भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई। लोग घबराकर दफ्तरों और घरों से बाहर निकल गए। हालांकि, अभी तक किसी तरह के नुकसान की खबर नहीं है। इससे पहले मंगलवार सुबह चीन और म्यांमार में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। चीन में करीब 5.1 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किए गए थे। इससे पहले चीन और म्यांमार में 22 मई को भी धरती हिली थी।

बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्र जम्मू-कश्मीर का डोडा था। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. ओपी मिश्रा ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के डोडा में आज 5.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।


मिश्रा ने बताया कि दोपहर 1:33 बजे जम्मू-कश्मीर के डोडा में 5.4 रिक्टर स्केल का एक भूकंप आया। 5.4 की तीव्रता का भूकंप मध्यम से ताकतवर भूकंप की कैटेगरी में आता है। कई क्षेत्रों में झटके महसूस किए गए हैं। 4 से 4.4 रिक्टर पैमाने तक के भूकंप की दोबारा संभावना बनी हुई है। इस भूकंप का चक्रवात बिपरजोय से कोई संबंध नहीं है।

श्रीनगर के एक स्थानीय निवासी ने बताया कि भूकंप से स्कूल के बच्चे घबरा गए, दुकानों में जो लोग थे वे बाहर आ गए। पिछले हफ्ते भी ऐसा ही हुआ था। आज के झटके ज्यादा तेज थे। पिछले कई महीनों से लगातार ये हो रहा है। इसके अलावा दिल्ली में भूकंप के झटके महसूस करने के बाद एक यात्री ने बताया कि मैं जब मेट्रो से बाहर निकल रहा था तभी मुझे भूकंप के झटके महसूस हुए। मुझे थोड़ा डर लगा, मैं फिर जल्दी-जल्दी सीढ़ियों से बाहर आया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।