₹2000 का नोट लाना सही नहीं था, फिर क्यों लिया गया था ये फैसला? RBI के पूर्व डिप्टी गवर्नर ने खोला राज

2000 Notes Ban: पूर्व डिप्टी गवर्नर ने कहा कि RBI इन नोटों को बैंकिंग सिस्टम में आने के बाद वापस ले रहा है। उन्हें दोबारा जारी नहीं किया गया। यही वजह है कि इनमें से करीब आधे नोट पहले ही वापस ले लिए गए हैं। इसलिए, इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि बाकी नोटों को वापस लेने का निर्णय लिया गया है। आर गांधी ने नोटबंदी के दौरान 2000 रुपए का नोट जारी करने और फिर वापस लेने के फैसले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब दिए

अपडेटेड May 20, 2023 पर 9:13 PM
₹2000 का नोट लाना सही नहीं था, फिर क्यों लिया गया था ये फैसला? (PHOTO- PTI)

2000 Notes Ban: रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने शुक्रवार देर शाम एक घोषणा में 2000 रुपए नोट (Rs 2000 Notes) को वापस लेने की घोषणा की। इस फैसले को "क्लीन नोट" पॉलिसी (Clean Note Policy) का एक हिस्सा बताया गया। हालांकि, केंद्रीय बैंक ने ये भी कहा कि ये नोट लीगल टेंडर (Legal Tender) यानि वैध होगा। इसने बैंकों को तत्काल प्रभाव से ₹2000 के बैंक नोट जारी करना बंद करने की सलाह दी है। RBI ने कहा कि जनता 30 सितंबर तक बैंक ब्रांच में 2000 का नोट एक्सचेंज या जमा कर सकती है।

भारतीय रिजर्व बैंक अधिनियम, 1934 की धारा 24(1) के तहत नवंबर 2016 में ₹2000 का नोट को पेश किया गया था। ये फैसला इस दौरान 500 और 1000 रुपए के नोट बंद किए जाने और नए नोट जारी करने के दौरान लिया गया था। अर्थव्यवस्था में करेंसी की जरूरत को तेजी से पूरा करने के लिए उस समय 2000 का नोट लाया गया था।

RBI के इस फैसले के कुछ घंटों बाद ही सेंट्रल बैंक के पूर्व डिप्टी गवर्नर आर गांधी ने ये माना है कि '2,000 रुपए के नोट की शुरुआत डिमॉनेटाइजेशन के सिद्धांतों के खिलाफ' थी। उन्होंने कहा कि इसे तब एक 'शॉर्ट टर्म वाले सामरिक फैसले के रूप में स्वीकार' किया गया था।


Moneycontrol के साथ खास बातचीत में, गांधी ने नोटबंदी के दौरान 2000 रुपए का नोट जारी करने और फिर वापस लेने के फैसले से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब दिए।

2000 Notes : भारत में 500 रुपये से बड़े नोटों की कोई जरूरत नहीं, RBI के पूर्व डिप्टी गवर्नर गांधी का बयान

इस दौरान जब उनसे पूछा गया कि नोटबंदी के दौरान आप RBI में थे। क्या आपने उस समय सोचा था कि 2,000 रुपए का नोट इतनी जल्दी वापस ले लिया जाएगा?

गांधी ने बहुत डिटेल के साथ इस सवाल का जवाब दिया। उन्होंने कहा, "हां, उस समय इसे लेकर साफ समझ थी।" उन्होंने कहा, "2,000 रुपए के नोट की शुरूआत डिमॉनेटाइजेशन के सिद्धांतों के खिलाफ थी। लेकिन तेजी से रिमॉनेटाइजेशन के लिए ये किया जाना था, क्योंकि 500 ​​रुपए के नोटों की पर्याप्त संख्या को प्रिंट करने में बहुत ज्यादा समय लगता। इसलिए इसे एक शॉर्ट टर्म टैक्टिकल फैसले के तौर पर स्वीकार किया गया।"

पूर्व डिप्टी गर्वरन ने आगे कहा, "2,000 रुपए के नोटों की पहली खेप छपने के बाद, RBI ने और नहीं छापी। क्योंकि ये साफ था कि आगे चलकर इन नोटों की जरूरत नहीं पड़ेगी।"

उन्होंने बताया, इसके अलावा, RBI इन नोटों को बैंकिंग सिस्टम में आने के बाद वापस ले रहा है। उन्हें दोबारा जारी नहीं किया गया। यही वजह है कि इनमें से करीब आधे नोट पहले ही वापस ले लिए गए हैं। इसलिए, इसमें कोई हैरानी की बात नहीं है कि बाकी नोटों को वापस लेने का निर्णय लिया गया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।