देश में ओमीक्रोन (Omicron) के नये वैरिएंट के मामलों में बढ़ोत्तरी देखने को मिल रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार मामलों के मंत्रालय (Union ministry of health and family affairs) ने 24 दिसंबर को कहा कि भारत में अब तक COVID -19 के नए ओमीक्रोन वैरिएंट के 358 मामले दर्ज किए गए हैं। मंत्रालय ने कहा कि इसमें से 114 मरीज अब तक इस संक्रमण से ठीक हो चुके हैं।
मंत्रालय द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार अब तक 17 राज्यों में नया वैरिएंट पाया गया है, जिसमें महाराष्ट्र में 88 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके बाद सबसे अधिक मामले दिल्ली में मिले हैं, जहां ओमीक्रोन के 67 मामले दर्ज किए गए हैं। तेलंगाना में 38 मामले हैं जबकि तमिलनाडु में ओमीक्रोन के 34 मामले मिले हैं।
प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने 23 दिसंबर को कहा कि महामारी के खिलाफ लड़ाई खत्म नहीं हुई है। उन्होंने अधिकारियों को केंद्र से उन राज्यों में टीमें भेजने का निर्देश दिया है जहां मामलों में वृद्धि हो रही और जिन राज्यों पास स्वास्थ्य बुनियादी ढांचा अपर्याप्त है।
पीएम देश में तेजी से फैलते हुए ओमीक्रोन वैरिएंट के चलते COVID-19 की स्थिति और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारियों का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता भी की।
कुल मिलाकर, भारत ने पिछले 24 घंटों में COVID-19 के 6,650 नए मामले दर्ज किए। वर्तमान में देश का सक्रिय केस 77,516 हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार देश भर में अब तक वैक्सीन की 140.31 करोड़ डोज दी जा चुकी है।