GST Collection in April : भारत सरकार का गुड्स एंड सर्विस टैक्स (GST) कलेक्शन रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गया है। इस महीने के GST कलेक्शन ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। अप्रैल महीने में सरकार के खजाने में जीएसटी कलेक्शन के रूप में 1.87 लाख करोड़ रुपये आए हैं। केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने आज 1 मई को ये आंकड़े जारी किए हैं। इसके पहले अप्रैल 2022 में GST कलेक्शन के ज़रिए सरकार ने 1.68 लाख करोड़ रुपये हासिल किए थे। इसका मतलब है कि पिछले साल की समान अवधि की तुलना में कलेक्शन में 11.6 फीसदी का इजाफा हुआ है। वहीं, पिछले महीने यानी मार्च 2023 के मुकाबले सरकार ने 16.8 फीसदी अधिक जीएसटी वसूले हैं।
पिछला रिकॉर्ड था 1.68 लाख करोड़
जुलाई, 2017 में जीएसटी सिस्टम लागू होने के बाद से सर्वाधिक टैक्स कलेक्शन का पिछला रिकॉर्ड 1.68 लाख करोड़ रुपये था जो पिछले साल अप्रैल में बना था। मंत्रालय ने कहा, ‘‘एक साल पहले के समान महीने की तुलना में अप्रैल, 2023 में जीएसटी संग्रह 12 प्रतिशत अधिक रहा है।’’ वित्त वर्ष 2022-23 में जीएसटी का कुल संग्रह 18.10 लाख करोड़ रुपये रहा था, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक है।
टैक्स कलेक्शन से जुड़े आंकड़े
वित्त मंत्रालय ने सोमवार को अप्रैल, 2023 के टैक्स कलेक्शन से जुड़े आंकड़े जारी करते हुए कहा कि पिछले महीने ग्रॉस जीएसटी कलेक्शन 1,87,035 करोड़ रुपये रहा। इसमें सेंट्रल जीएसटी (सीजीएसटी) 38,440 करोड़ रुपये, स्टेट जीएसटी (एसजीएसटी) 47,412 करोड़ रुपये और इंटीग्रेटेड जीएसटी (आईजीएसटी) 89,158 करोड़ रुपये के अलावा 12,025 करोड़ रुपये का सेस भी शामिल है। इस दौरान घरेलू लेनदेन (सेवाओं के आयात समेत) से मिलने वाला कर राजस्व साल भर पहले की तुलना में 16 फीसदी अधिक है।