GST bills : केरल सरकार (Kerala Goverenment) ने गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (Goods and Services Tax) यानी जीएसटी की चोरी पर रोक लगाने के लिए एक अनूठी पहल की है। इसके लिए सरकार ने एक ऐप लॉन्च किया है, जो गुड्स और सेवाओं पर जीएसटी बिल (GST bills) लेने वालों को पुरस्कृत करेगा। इसके तहत सरकार 5 करोड़ रुपये तक के पुरस्कार देगी।
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (Kerala Chief Minister Pinarayi Vijayan) ने मंगलवार को यह ‘लकी बिल ऐप’ (Lucky Bill App) लॉन्च किया। इस ऐप पर लोग सामान खरीदने के बाद उसका मूल जीएसटी बिल अपलोड करने पर 25 लाख रुपये तक का नकद समेत अन्य पुरस्कार जीत सकते हैं।
जीएसटी की चोरी पर लगेगी रोक
विजयन ने कहा कि ऐप का उद्देश्य लोगों को खरीदारी करने के बाद बिल मांगने और इस सॉफ्टवेयर के माध्यम से उसे अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित करना है, ताकि जीएसटी की चोरी रोकी जा सके।
उन्होंने कहा, अक्सर ग्राहक खरीदारी करने के बाद बिना बिल मांगे ही चले जाते हैं। ऐप का उद्देश्य इस ट्रेंड को रोकना है।
सरकार इस साल देगी 5 करोड़ के इनाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष के बजट में इस परियोजना के लिए पांच करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह ऐप केरल के डिजिटल विश्वविद्यालय के सहयोग से तैयार किया गया है और यह देश में अपनी तरह का पहला ऐप है।
इस ऐप पर बिल अपलोड करने वाले लोगों को दैनिक, साप्ताहिक और मासिक आधार पर पुरस्कार दिए जाएंगे और एक मेगा प्राइज भी होगा। इनका चयन ड्रॉ के जरिए किया जाएगा।
25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार
विजयन ने कहा कि अलग-अलग पुरस्कारों के अलावा 25 लाख रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा और हर साल पांच करोड़ रुपये मूल्य के पुरस्कार दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए टैक्स कलेक्शन अहम है और इसके लिए लोगों, व्यापारियों और सरकारी अधिकारियों का सहयोग जरूरी है।