देश का विदेशी मुद्रा भंडार (Forex Reserve) 13 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में 1.15 अरब डॉलर बढ़कर 585.89 अरब डॉलर रहा। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से यह जानकारी दी गई है। इससे पहले के कई सप्ताह से विदेशी मुद्रा भंडार में गिरावट आ रही थी। इससे पहले के सप्ताह में देश का कुल विदेशी मुद्रा भंडार 2.17 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 584.74 अरब डॉलर रह गया था। अक्टूबर 2021 में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। लेकिन पिछले साल के वैश्विक घटनाक्रम से पैदा हुए दबावों के बीच RBI (Reserve Bank of India) ने रुपये की कीमत में गिरावट को रोकने के लिए विदेशी मुद्रा भंडार का इस्तेमाल किया, जिससे इसमें कमी आई।
