Indian Economy Growth: भारतीय इकॉनमी की मजबूत ग्रोथ को लेकर सरकार बहुत आश्वस्त है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज गुरुवार 22 फरवरी को भरोसा जताया कि भारत अगले 10 वर्षों में लगातार छह से आठ फीसदी की वृद्धि दर से बढ़ना जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि घरेलू और वैश्विक बाजारों का फायदा उठाने के लिए वैश्विक कंपनियों को देश में आमंत्रित किया जा रहा है। रेल, संचार और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ये बातें ‘रायसीना डायलॉग 2024’ में कही। उन्होंने यह भी कहा कि भारत दुनिया भर के देशों और नए विचारों के लिए खुला है।
आधार पहले ही रखा जा चुका, अब दिख रहे बेहतर रिजल्ट
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था लगातार बहुत अच्छी दर से बढ़ रही है। उन्होंने आगे कहा कि बहुत विश्वास के साथ कह सकते हैं कि अगले 10 वर्षों में भारत लगातार छह से आठ फीसदी की वृद्धि दर से बढ़ता रहेगा। अश्विनी वैष्णव ने मोदी सरकार में शुरू की गई विकास की कई कोशिशों का जिक्र करते हुए कहा कि इस तगड़ी ग्रोथ के लिए आधार तो पहले ही तैयार हो चुका है और अब परिणाम दिखाई दे रहे हैं।
अगले पांच साल रखी जाएगी विकसित देश की नींव
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा अगले पांच साल भारत के 2047 तक एक विकसित देश बनने की नींव रखेंगे। इसके अलावा उन्होंने सरकार की प्राथमिकताओं की जिक्र भी किया जिन पर अगले पांच साल फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में बाकी सभी प्राथमिकताओं के अलावा विनिर्माण के पूर्ण स्पेक्ट्रम, शिक्षा के माध्यम से उत्थान और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र को टेक्नोलॉजी से जोड़ने पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा।