Paytm founder Vijay Shekhar Sharma : पेटीएम के फाउंडर विजय शेखर शर्मा ने विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर की जमकर तारीफ की है। दरअसल, जयशंकर इन दिनों भारत-अमेरिका 2+2 मंत्रिस्तरीय वार्ता के लिए अमेरिका में हैं। वहां पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक सवाल पर विदेश मंत्री के दिए गए जवाब पर पेटीएम के बॉस ऐसा करने पर मजबूर हो गए।
शर्मा ने बुधवार को जयशंकर का एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) और अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ स्टेट एंटनी ब्लिंकेन के साथ मीडिया को संबोधित कर रहे थे।
यूक्रेन युद्ध पर जयशंकर ने दिया यह जवाब
एक शख्स ने विदेश मंत्री जयशंकर से पूछा कि यूक्रेन पर हमले के लिए भारत क्यों रूस की आलोचना नहीं कर रहा है। रिपोर्टर ने पूछा, क्या इससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भारत की विदेश नीति की सही झलक मिलती है।
जयशंकर ने कहा, “मैं ऐसा अपने तरीके से करना और अपने तरीके से बताना पसंद करता हूं।” उन्होंने कहा, भारत संयुक्त राष्ट्र, संसद और अन्य मंचों पर अपना रुख साफ कर चुका है। जयशंकर ने भारत का रुख दोहराते हुए कहा, “हम टकराव के खिलाफ हैं। हम वार्ता और कूटनीति का समर्थन करते हैं। हम तुरंत हिंसा रोके जाने के पक्ष में हैं। इसमें हर जरूरी योगदान करना चाहते हैं।”
रूस से तेल खरीद दिया तगड़ा जवाब
रूस से भारत की तेल खरीद पर जयशंकर ने रिपोर्टर को यूरोप की रूस से एनर्जी की खरीद पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा, “भारत अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए रूस से तेल का आयात कर रहा है। अगर गौर से देखा जाए तो भारत जितना एक महीने में तेल आयात करता है, उतना तो यूरोप हर रोज दोपहर तक रूस से आयात कर लेता है।”
पेटीएम के बॉस ने की तारीफ
जयशंकर के समझदारी भरे जवाब की पेटीएम के सीईओ शर्मा ने तारीफ की है। बिजनेस टायकून ने ट्विटर पर इससे जुड़ा वीडियो साझा किया और लिखा, “अंतर्राष्ट्रीय कूटनीति में हमारी भारतीय टीम सबसे बेहतर है। विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने क्या शानदार जवाब दिया।”
जयशंकर को म्यूजिक में है खासी दिलचस्पी
उधर, बुधवार को अमेरिकी स्टूडेंट्स के एक समूह के साथ बातचीत में विदेश मंत्री ने कहा कि उनकी संगीत में खासी रुचि है और अपने परिवार के माहौल के कारण वह कूटनीतिक जीवन में आए। जयशंकर ने एक स्टूडेंट से कहा, “काफी हद तक ऐसे म्यूजिक में दिलचस्पी होने की संभावना होता है, जिसे आप जानते हैं। आप सुनते हैं और फिर आश्चर्यचकित होते हैं, आप जानना चाहते हैं कि यह किस तरह का म्यूजिक है। यह कहां से आया है। किस तरह के लोग हैं।”
जयशंकर ने कहा, उन्होंने सबसे पहली म्यूजिक अलबम 1959 की द हिटमेकर्स सुनी थी जो अमेरिकी अलबम थी। उन्होंने प्रतिष्ठित हॉवर्ड यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट्स को बताया, “वास्तव में वह अभी भी उसे स्पोटिफाई (Spotify) में रखते हैं और अभी भी सुनते हैं।”