आज बाजार में जोरदार गिरावट देखने को मिली हालांकि फिसलने के बाद बाजार ने रिकवरी की कोशिश भी की लेकिन कामयाब नहीं हुआ। निफ्टी में 260 अंकों से ज्यादा की गिरावट के साथ 17 हजार के सपोर्ट लेवल से नीचे जाकर बंद हुआ। अब तक इसमें रिकॉर्ड ऊंचाई से साढ़े 8 परसेंट से ज्यादा की गिरावट नजर आई। सेंसेक्स और निफ्टी बैंक में भी जोरदार गिरावट देखी गई। बैंक निफ्टी 930 अंक फिसलकर 35620 के नीचे बंद हुआ। वहीं मिडकैप और स्मॉलकैप में भारी बिकवाली देखने को मिली।
वहीं आज बाजार के कारोबारी समय के दौरान VALENTIS ADVISORS के ज्योतिवर्धन जयपुरिया (JYOTIVARDHAN JAIPURIA) ने CNBC AWAAZ से एक्सक्लूसिव बातचीत की और अपने विचार पेश किये। ज्योतिवर्धन जयपुरिया को पिछले करीब 25 सालों से बाजार का अनुभव है और उन्हें बहुत अच्छे स्टॉक्स पिकर के रूप में जाना जाता है।
मौजूदा गिरावट बाजार के लिए काफी अच्छी
ज्योतिवर्धन जयपुरिया ने रिकॉर्ड तेजी के बाद पिछले कुछ दिनों से आज भी जारी करेक्शन पर राय देते हुए कहा कि तेजी के बाजार के लिए करेक्शन बेहद जरूरी है। वैसे भी अच्छे बाजार के लिए करेक्शन अच्छा माना जाता है। हमने पहले भी देखा है कि बाजार में बड़ी गिरावट आने के बाद बाजार वहां से मजबूती से बाउंस बैक करता है और पिछले रिकॉर्ड हाई से आगे जाता हुआ नजर आता है। इसलिए मेरा मानना है कि मौजूदा करेक्शन भी बाजार के लिए अच्छा साबित होगा।
सस्ते वैल्यूएशन पर अच्छे शेयर खरीदने पर फोकस
उन्होंने आगे कहा कि इस गिरावट में वे ऐसी अच्छी कंपनियों पर फोकस करेंगे जिनके शेयर फिसलने के बाद उनके वैल्यूएशन सस्ते हो गये हैं और जिनमें आगे अच्छा परफॉर्म करने का दमखम है। उनका मानना है कि सीमेंट, कैपिटल गुड्स शेयर आगे अच्छा चल सकते हैं। इसके अलावा सस्ते वैल्यूएशन पर वाइट गुड्स शेयर भी लेंगे।
4-5 सालों में बाजार दोगुना हो सकता है
भारतीय बाजार आगे अच्छा परफॉर्म करेंगे। अगले 2-3 साल कंपनियों के नतीजे अच्छे आयेंगे। जबकि अगले 4-5 सालों में बाजार दोगुना हो सकता है इसलिए इसमें अच्छे शेयरों में पोजीशन बनानी चाहिए। वहीं दुनिया अगले 10 साल में डिजिटल की तरफ जायेगी।
गिरावट पर मिले तो खरीदेंगे केमिकल शेयर
बाजार में कहां खरीदारी करनी चाहिए जहां पर अच्छा रिटर्न मिल सकता है, इस पर जयपुरिया ने कहा कि इस समय रियल एस्टेट और सिनेटरीवेयर शेयरों पर नजर बनाये हुए हैं क्योंकि ये आगे बेहतर परफॉर्म कर सकते हैं। इस समय आईटी कंपनियों के शेयर चल रहे हैं और आईटी के शेयर अच्छे हैं लेकिन इनके वैल्यूएशन महंगे हैं। हालांकि गिरावट पर मिले तो केमिकल शेयर खरीदेंगे। लेकिन हम एफएमसीजी पर अंडरवेट हैं क्योंकि इनके वैल्यूएशन महंगे हैं।
चर्चा के अंत में किसी विशेष स्टॉक में निवेश की सलाह देने के सवाल पर उन्होंने कॉम्पलियांस की शर्तों के कारण किसी विशेष स्टॉक का नाम बताने से इनकार किया लेकिन निवेश के लिए सेक्टर बताते हुए कहा कि पीवीसी पाईप के सेक्टर में आने वाले दिनों में तेजी देखने को मिल सकती है क्योंकि सरकार की तमाम योजनाओं के चलते इन कंपनियों को फायदा होगा और पीवीसी पाईप सेक्टर चल सकता है।