झारखंड: ED ने कांग्रेस नेता आलमगीर आलम के PS संजीव लाल और उनके नौकर को किया गिरफ्तार, कुल ₹35 करोड़ कैश बरामद

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 32 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद होने के मामले में झारखंड सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता आलमगीर आलम के निजी सचिव संजीव लाल और लाल के घरेलू सहायक को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि रातभर की गई पूछताछ के बाद दोनों को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया है

अपडेटेड May 07, 2024 पर 9:37 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ED के सूत्रों के अनुसार, नकदी गिनने के लिए नोट गिनने वाली आठ मशीन लगाई गईं

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 32 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद होने के मामले में झारखंड सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता आलमगीर आलम के निजी सचिव संजीव लाल और लाल के घरेलू सहायक को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि रातभर की गई पूछताछ के बाद दोनों को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के ग्रामीण विकास विभाग में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में ED ने सोमवार को शहर में एक फ्लैट पर छापा मारा था जो कथित रूप से संजीव लाल के घरेलू सहायक जहांगीर का है।

केंद्रीय एजेंसी ने फ्लैट से 32 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी बरामद की और कुछ अन्य परिसरों में भी तलाशी के दौरान तीन करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए। इस तरह कुल मिलाकर 35.23 करोड़ रुपये नकद बरामद किए गए हैं। झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री एवं कांग्रेस नेता आलम ने इस मामले में संलिप्तता से इनकार किया है।

इस छापेमारी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें एजेंसी के अधिकारी एक 2BHK फ्लैट में बड़े बैग से नोटों की गड्डियां खाली करते हुए दिखाई देते हैं। ED के सूत्रों के अनुसार, नकदी गिनने के लिए नोट गिनने वाली आठ मशीन लगाई गईं। सूत्रों ने कहा कि बरामद की गई नकदी में मुख्य रूप से 500 रुपये के नोट हैं।


सूत्रों ने बताया कि ED ने राज्य के मुख्य सचिव को लिखा गया एक आधिकारिक दस्तावेज और सिफारिशी ट्रांसफर लेटर भी परिसर में तलाशी के दौरान पाए गए। मंत्री आलम ने न्यूज एजेंसी ‘पीटीआई’ को बताया, "मुझे अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं प्राप्त हुई है।”

उन्होंने कहा, ‘मैं टीवी देख रहा हूं और इसमें बताया जा रहा है कि यह परिसर सरकार द्वारा मुझे मुहैया कराए गए आधिकारिक पीएस (निजी सचिव) से संबंधित है।’ 70 वर्षीय आलम कांग्रेस के नेता हैं और झारखंड विधानसभा में पाकुड़ सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं।

PM मोदी ने साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को ओडिशा और आंध्र प्रदेश में अपनी चुनावी रैलियों में ईडी द्वारा जब्त की गई राशि का जिक्र किया और कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ईडी ने झारखंड में ‘बड़ी मात्रा में नकदी’ जब्त की है और यह आश्चर्य की बात है कि ऐसे व्यक्ति ‘कांग्रेस के प्रथम परिवार के करीबी’ क्यों हैं।

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav Phase 3: PM मोदी ने अहमदाबाद में डाला वोट, बोले- तीसरे चरण में वोटिंग का बनाएं नया रिकॉर्ड

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।