प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 32 करोड़ रुपये से अधिक नकदी बरामद होने के मामले में झारखंड सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता आलमगीर आलम के निजी सचिव संजीव लाल और लाल के घरेलू सहायक को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। न्यूज एजेंसी पीटीआई ने आधिकारिक सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि रातभर की गई पूछताछ के बाद दोनों को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के प्रावधानों के तहत हिरासत में लिया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के ग्रामीण विकास विभाग में कथित अनियमितताओं से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में ED ने सोमवार को शहर में एक फ्लैट पर छापा मारा था जो कथित रूप से संजीव लाल के घरेलू सहायक जहांगीर का है।
