ED ने जब्त की 13 करोड़ रुपये की बिटकॉइन, मोबाइल गेमिंग ऐप के खिलाफ मनी-लॉन्ड्रिंग जांच में कार्रवाई

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मोबाइल गेमिंग ऐप कंपनी 'ई-नगेट्स (E-Nuggets)' के प्रमोटरों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत 12.83 करोड़ रुपये मूल्य की बिटकॉइन (Bitcoin) जब्त की है

अपडेटेड Sep 28, 2022 पर 10:32 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
ई-नगेट्स पर कई लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप है

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को बताया कि उसने कोलकाता स्थित एक मोबाइल गेम ऐप कंपनी 'ई-नगेट्स (E-Nuggets)' के प्रमोटर अमिर खान के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत 12.83 करोड़ रुपये मूल्य की बिटकॉइन (Bitcoin) जब्त की है। न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी पर कई लोगों के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप है।

बता दें कि ED ने इस महीने की शुरुआत में अमिर खान और उसके पिता नसीर अहमद खान के कोलकाता स्थित ठिकानों पर छापे मारे थे और इस दौरान 17.32 करोड़ रुपये नकद जब्त किए थे।

आमिर खान को कोलकाता पुलिस ने यूपी के गाजियाबाद से पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था। ईडी ने फरवरी 2021 में E-Nuggets और इसके मालिकों के खिलाफ मनीलॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया था। ईडी ने कोलकाता पुलिस की तरफ से कंपनी और उसके मालिकों के खिलाफ दर्ज एक FIR के आधार यह मामला दर्ज किया था।


E-Nuggets और इसके मालिकों के खिलाफ फेडरल बैंक के अधिकारियों ने कोलकाता की एक सीजेएम कोर्ट में शिकायत दाखिल की थी, जिसके आधार पर कोलकाता के पार्क स्ट्रीट थाने में FIR दर्ज की गई। एजेंसी ने पाया कि खान ने गेमिंग ऐप 'ई- नगेट्स' को लॉन्च किया था और इसका उद्देश्य लोगों के साथ ‘धोखाधड़ी’ करना था।

एजेंसी ने बताया, "इस गेमिंग के जरिए लोगों से बड़ी मात्रा में पैसा इकठ्ठा किया गया और फिर अचानक ऐप से पैसों की निकासी को रोक दिया गया। बाद में आरोपियों ने प्रोफाइल जानकारी सहित सभी डेटा को ऐप के सर्वर से मिटा दिया था।" जांच में यह पता चला कि आरोपी क्रिप्टो करेंसी एक्सचेंज का इस्तेमाल करके गेमिंग ऐप (ई-नगेट्स) के जरिए अवैध रूप से कमाए पैसों का एक बड़ा हिस्सा विदेशों में ट्रांसफर कर रहे थे।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।