Bihar Police Recruitment 2022: बिहार में सरकारी नौकरी (Government Jobs) की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। बिहार पुलिस विभाग (Bihar Police Department) में खाली पड़े 44,000 पदों पर सरकार जल्द ही बहाली करने जा रही है। इसका ऐलान खुद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने किया है। उन्होंने कहा कि एक लाख 52 हजार पुलिसकर्मियों की बहाली का लक्ष्य रखा गया था। इसमें से बचे 44,000 खाली पड़े पदों को जल्दी भर लिया जाएगा। बहाली को लेकर खुद सीएम नीतीश कुमार ने अधिकारियों को तैयारियों को तेज करने के आदेश दे दिए हैं।
बिहार में नवनियुक्त 10,459 पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को नियुक्तिपत्र वितरण के लिए पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित एक समारोह को संबोधित करते हुए नीतीश कुमार ने कहा कि अभी देश के अलग-अलग राज्यों में एक लाख की आबादी पर पुलिसकर्मियों की 115 से ज्यादा सख्ंया है जिसे ध्यान में रखते हुए बिहार में भी इसे बढ़ाकर 160 से 170 करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि इसी के अनुरूप हमें तेजी से नियुक्ति करनी है। हम लोग आवश्यकता के मुताबिक़ निरंतर पुलिस की क्षमता को भी बढ़ा रहे हैं।
44 हजार पुलिसकर्मियों की होगी भर्ती
मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2010 में देश में एक लाख की आबादी पर 115 पुलिसकर्मी थे, बिहार में यह संख्या कम थी। उसके अनुसार एक लाख 52 हजार 232 और पुलिसकर्मियों की आवश्यकता थी। हमने गृह विभाग की हर बैठक में कहा कि भर्ती के काम में तेजी लाकर पुलिसकर्मियों की नियुक्ति करें जिसके बाद बिहार में अब तक एक लाख 8 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों की भर्ती हो चुकी है। एक लाख 52 हजार 232 पदों में से अभी भी 44 हजार पुलिसकर्मियों की भर्ती होनी है।
सीएम ने अधिकारियों से कहा कि पुलिसकर्मियों की भर्ती में देर न करें और जल्द से जल्द उनकी भर्ती कराएं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 में राज्य सरकार ने पुलिस सेवा में महिलाओं को 35 प्रतिशत आरक्षण देने का निर्णय किया, जिसका परिणाम है कि आज बिहार पुलिस में 25 प्रतिशत महिलाएं सेवारत हैं। उन्होंने कहा कि आज नियुक्तिपत्र मिलने के बाद बिहार के पुलिस बल में महिलाओं की संख्या 27 से 28 प्रतिशत हो जाएगी।
नियुक्तिपत्र का किया वितरण
कुमार ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2007 में पुलिस के दायित्व को दो हिस्से में बांट दिया था। उन्होंने कहा कि इसके तहत एक हिस्से को कानून व्यवस्था का काम जबकि दूसरे हिस्से को अनुसंधान का काम सौंपा गया था ताकि अपराध पर नियंत्रण के साथ-साथ अनुसंधान के काम में भी तेजी आए। उन्होंने कहा कि अब अनुसंधान का काम भी ठीक ढंग से आगे बढ़ रहा है।
समारोह में नवनियुक्त 215 सार्जेंट, 1,998 सब इंस्पेक्टर एवं 8,246 सिपाहियों को नियुक्तिपत्र प्रदान किया गया। इन नवनियुक्त 10,459 पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों में 3,852 महिलाएं शामिल हैं जो आज नवनियुक्त पुलिस बल का 36.8 प्रतिशत है। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों/कर्मियों को सांकेतिक रूप से नियुक्ति पत्र प्रदान किया।