UPSC परीक्षा क्लीयर करने पर बिहार की महिला अभ्‍यर्थियों को मिलेंगे 1 लाख रुपये, यहां जानें सभी डिटेल

UPSC की ओर से आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा पास करने वाली बिहार की महिला अभ्‍यर्थियों को 100000 रुपये की सहायत राशि प्रदान की जाएगी

अपडेटेड Aug 19, 2022 पर 11:12 AM
राज्‍यस्‍तरीय सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा क्लीयर करने वाली महिला अभ्‍यर्थियों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे

संघ लोकसेवा आयोग (Union Public Service Commission- UPSC) की ओर से आयोजित होने वाली सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा (Civil Services Preliminary Exam) पास करने वाली बिहार की महिला अभ्‍यर्थियों को 1,00,000 रुपये की सहायत राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा बिहार लोकसेवा आयोग (BPSC) की ओर से आयोजित राज्‍यस्‍तरीय सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा क्लीयर करने वाली महिला अभ्‍यर्थियों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।

न्यूज 18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को इसका ऐलान किया था। मुख्‍यमंत्री की इस घोषणा से महिला अभ्‍यर्थियों को बड़ी आर्थिक मदद मिल सकेगी। नीतीश कुमार ने राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में तिरंगा झंडा फहराया। उन्‍होंने इस मौके पर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी करने वाली महिला अभ्‍यर्थियों के लिए ये बड़ी घोषणाएं की।

इस दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि कई चुनौतियों के बावजूद राज्य प्रगति के पथ पर अग्रसर है। 76वें स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद नीतीश ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार की कामना है कि पूरे समाज में सद्भाव और भाईचारे का वातावरण कायम रहे।


ये भी पढ़ें- Twin Towers Demolition: 28 अगस्त को दोपहर 2.30 बजे गिरेगा नोएडा का ट्विन टावर, पड़ोसी निवासियों को सुबह 7 बजे खाली करने होंगे फ्लैट

मुख्यमंत्री ने कहा कि न्याय के साथ विकास, यह सबसे बड़ी चीज है। हम लोगों को जब से काम करने का मौका मिला है, हम ऐसा करते रहे हैं और आगे भी इसे जारी रखेंगे। हम युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करेंगे।

उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की तरफ इशारा करते हुए कहा कि नौकरी वाली जो बात है... हम लोग अब एक साथ हैं। हम लोगों का विचार है कि कम से कम 10 लाख रोजगार सृजित किए जाएं। सरकार के अंदर और बाहर, दोनों जगह नौकरी और रोजगार के इंतजाम करवाएंगे।

नीतीश ने कहा कि हर स्तर पर इतना काम बढ़ना चाहिए कि 10 लाख रोजगार सृजित हों। हम लोगों का मन है कि आगे चलकर 20 लाख रोजगार सृजित किए जाएं। इसके लिए हम हर संभव कोशिश करेंगे। आपको बता दें कि तेजस्वी ने 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान युवाओं को 10 लाख नौकरियां देने का वादा किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।