Supertech Twin Towers Demolition: नोएडा के सेक्टर 93-ए में अवैध रूप से बने सुपरटेक के ट्विन टावर्स को 28 अगस्त को दोपहर 2.30 बजे ध्वस्त कर दिया जाएगा। नोएडा के सेक्टर 93-ए स्थित एमराल्ड कोर्ट और एटीएस विलेज के फ्लैट में रहने वाले लोगों को अवैध निर्माण के ढहाए जाने वाले दिन (28 अगस्त) सुबह 7 बजे से अपने फ्लैट खाली करने होंगे।
सुपरटेक के दोनों टावरों की ध्वस्तीकरण संबंधी तैयारियों के लिए गुरुवार शाम को नोएडा प्राधिकरण में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई। बैठक में सुपरटेक, पुलिस, ध्वस्तीकरण मे लगी एडफिस कंपनी के अधिकारी, आसपास की सोसाइटी के अपार्टमेंट एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में तय किया गया कि सुरक्षा स्टाफ दोपहर 12 बजे तक सोसाइटी मे रह सकते हैं, लेकिन इसके बाद उन्हें भी दोनों परिसरों को खाली करना होगा। दोनों सोसायटी में रहने वाले लोगों को अपने-अपने वाहन भी परिसर से बाहर निकालने होंगे। यदि किसी के पास एक से ज्यादा वाहन है और सड़क पर वाहन खड़ा करने की जगह नहीं है तो प्राधिकरण ने इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की है।
सूत्रों के मुताबिक, सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कालेज और सेक्टर-110 स्थित अंतरराज्यीय बस टर्मिनल में वाहनों को खड़े करने की व्यवस्था रहेगी। बैठक में निर्णय लिया गया कि सात बजे फ्लैट खाली किए जाने के बाद दोनों टावर के ध्वस्तीकरण के बाद एडफिस इंजीनियरिग की अनुमति के बाद शाम चार बजे के बाद लोग सोसायटी में अपने फ्लैट में जा सकेंगे।
ट्विन टावरों को गिराने के लिए एडिफिस कंपनी ने सियान टावर में चार्जिंग प्रक्रिया (विस्फोटक लगाने की प्रक्रिया) पूरी कर ली है, जबकि एपेक्स टावर में चार्जिंग का काम 24 अगस्त तक पूरा होगा। एडिफिस इंजीनियरिंग के प्रोजेक्ट मैनेजर मयूर मेहता ने बताया कि दोनों टावर में विस्फोटक लगाने का काम 13 अगस्त से शुरू हुआ था।
डीसीपी (यातायात) गणेश प्रसाद साहा ने कहा कि विस्फोट में कुछ सेकेंड लगेंगे और उसके बाद लगभग 10-15 मिनट तक धूल फैले रहने की आशंका है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा कारणों से अतिरिक्त समय रखा गया है व धूल छंटते ही एक्सप्रेस-वे को खोल दिया जाएगा। यातायात पुलिस सेक्टर-44 के महामाया फ्लाईओवर और सर्विस लेन से परी चौक के बीच एक्सप्रेस-वे को पूरी तरह से बंद करने पर विचार कर रही है।