जिस तरह उत्तर प्रदेश सरकार ने राज्य के 10वीं और 12वीं के टॉपर बच्चों के नाम पर सड़कें बनवाने का ऐलान किया था। अब ठीक उसी तरह अब छत्तीसगढ़ सरकार ने भी ऐसे छात्रों को एक अनोखा तोहफा देने का ऐलान किया है। छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने एक ट्वीट में कहा है कि 10वीं और 12वीं की परीक्षा में टॉप करने वाले छात्रों को "हेलीकॉप्टर की मुफ्त सवारी (Free Helicopter Ride) कराई जाएगी।"
इसके अलावा मीडिया को संबोधित करते हुए, सीएम भूपेश बघेल ने कहा कि इस कदम का मकसद छात्रों को अपनी बोर्ड परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करना है। ये राइड राज्य सरकार के खर्च पर कराई जाएंगी और सभी जिला टॉपर्स को इस तरह की सवारी कराई जाएगी।
यह घोषणा CGBSE की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम से पहले की गई है। छत्तीसगढ़ बोर्ड इसी महीने अपनी कक्षा 10 और कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट घोषित कर सकता है। हालांकि, आधिकारिक तारीखों की घोषणा अभी नहीं की गई है, लेकिन संभावना है कि रिजल्ट अगले 10 दिनों में आ सकता है।
बता दें कि पिछले साल बोर्ड ने सभी को पास करने का विकल्प चुना था और छात्रों को उत्तीर्ण होने के लिए न्यूनतम अंक दिए थे। इसलिए CG बोर्ड ने 2021 में मेरिट लिस्ट या टॉपर्स के नाम जारी नहीं किए थे। इस साल टॉपर्स की घोषणा करीब दो साल बाद की जाएगी।
2020 में, टिकेश वैष्णव ने CGBSE 2020 कक्षा 12वीं की परीक्षाओं में 97.80 प्रतिशत के साथ टॉप किया। जबकि मुंगेली की प्रज्ञा कश्यप ने 2020 के CGBSE कक्षा 10 बोर्ड में 100% अंकों के साथ टॉप किया है।
एक बार परिणाम घोषित होने के बाद छात्र बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in पर अपना रिजल्ट और अंक देख सकेंगे।
CG बोर्ड परीक्षा पास करने के लिए, छात्रों को कम से कम 33 प्रतिशत अंक लाने होते हैं। पिछले साल ग्रेस मार्क्स पॉलिसी के चलते शत-प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा पास की थी। 2019 में कक्षा 10 में 68 प्रतिशत बच्चे पास हुए थे, जबकि कक्षा 12 में 78.45 प्रतिशत।