Pariksha Pe Charcha 2025: पीएम मोदी ने छात्रों को कैसे दूर करें परीक्षा का तनाव, दिए कुछ खास टिप्स

Pariksha Pe Charcha 2025: परीक्षा पे चर्चा 2025में पीएम मोदी ने छात्रों को कठिन विषय पहले पढ़ने, सूर्य स्नान, संतुलित आहार और पर्याप्त नींद लेने की सलाह दी। उन्होंने असफलताओं से सीखने, टाइम टेबल बनाने और सकारात्मक सोच अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में दीपिका पादुकोण, सद्गुरु, मैरी कॉम जैसी हस्तियों ने भी प्रेरक सुझाव दिए

अपडेटेड Feb 10, 2025 पर 1:09 PM
Pariksha Pe Charcha 2025: पीएम मोदी ने छात्रों को टाइम टेबल बनाने की सलाह दी।

परीक्षा का समय आते ही कई छात्रों के मन में घबराहट बढ़ जाती है। कठिन विषयों और लंबे सिलेबस को देखकर अक्सर डर लगने लगता है, जिससे पढ़ाई में मन नहीं लगता। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने "परीक्षा पे चर्चा 2025" में छात्रों को इस डर से निपटने का एक सरल लेकिन प्रभावी तरीका बताया। उन्होंने कहा कि जिन विषयों से सबसे ज्यादा डर लगता है, उन्हें सबसे पहले पढ़ना चाहिए। इससे न सिर्फ आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि परीक्षा के समय तनाव भी कम होगा।इसके अलावा, समय प्रबंधन, स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच परीक्षा के डर को दूर करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

अगर हम कठिन विषयों को चुनौती की तरह लेंगे और सही रणनीति अपनाएंगे, तो न सिर्फ बेहतर तैयारी होगी, बल्कि परीक्षा का अनुभव भी सुखद बनेगा। तो आइए, जानते हैं परीक्षा के डर को दूर करने के कुछ आसान और असरदार तरीके।

सूर्य स्नान और पोषण का महत्व


पीएम मोदी ने छात्रों को सूर्य स्नान करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शरीर का ज्यादा से ज्यादा हिस्सा धूप में रखना चाहिए, जिससे विटामिन डी की प्राप्ति होगी और ऊर्जा बनी रहेगी। इसके अलावा, उन्होंने छात्रों को संतुलित आहार लेने की सलाह दी, जिसमें बाजरा, चावल, गेहूं और मोटे अनाज शामिल हों। उन्होंने किसानों की डाइट अपनाने पर भी जोर दिया।

भरपूर नींद और मानसिक स्वास्थ्य

पीएम मोदी ने परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों को अच्छी नींद लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शरीर और दिमाग को सही ढंग से कार्य करने के लिए पर्याप्त आराम की जरूरत होती है। उन्होंने पेड़ों के नीचे खड़े होकर गहरी सांस लेने की आदत डालने पर भी जोर दिया, जिससे मानसिक शांति मिलती है।

असफलताओं से सीखें, हार न मानें

पीएम मोदी ने कहा कि जीवन सिर्फ परीक्षा तक सीमित नहीं है। असफलता से घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि उसे एक शिक्षक की तरह देखना चाहिए। उन्होंने दिव्यांगजनों का उदाहरण देते हुए बताया कि हर व्यक्ति के पास कोई न कोई विशेषता होती है, जो उसे आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।

माता-पिता को दी सलाह

पीएम मोदी ने माता-पिता को सलाह दी कि वे बच्चों पर अपनी इच्छाएं न थोपें, बल्कि उनकी रुचियों और क्षमताओं को समझें। उन्होंने कहा कि हर बच्चा किसी न किसी क्षेत्र में निपुण होता है, और यह जरूरी नहीं कि सभी पढ़ाई में ही अच्छे हों। उन्होंने सचिन तेंदुलकर का उदाहरण दिया, जो खेल में तो उत्कृष्ट थे लेकिन पढ़ाई में औसत।

टाइम टेबल और लक्ष्य निर्धारण

पीएम मोदी ने छात्रों को टाइम टेबल बनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हर किसी के पास 24 घंटे होते हैं, लेकिन इसे सही तरीके से इस्तेमाल करना जरूरी है। उन्होंने छात्रों को अपने कार्यों की सूची बनाने और उन्हें पूरा करने की आदत डालने पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने कहा कि लक्ष्य ऐसा बनाएं, जो पहुंच में हो लेकिन तुरंत पकड़ में न आए।

तनाव से कैसे बचें?

पीएम मोदी ने छात्रों को सलाह दी कि वे मन की बातों को खुलकर साझा करें और परिवार व दोस्तों से बातचीत करें। उन्होंने कहा कि सकारात्मक सोच और बातचीत से तनाव कम किया जा सकता है। उन्होंने लाफ्टर थेरेपी अपनाने की भी सलाह दी, जिससे मानसिक तनाव दूर होता है।

लीडरशिप और आत्मविश्वास

पीएम मोदी ने छात्रों को लीडरशिप के गुण अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लीडरशिप थोपी नहीं जाती, बल्कि इसे व्यवहार और विश्वास से अर्जित किया जाता है। उन्होंने टीम वर्क की महत्ता पर जोर दिया और बताया कि एक अच्छा लीडर वही होता है, जिसे लोग स्वेच्छा से स्वीकार करते हैं।

क्रिकेट से सीखने की प्रेरणा

पीएम मोदी ने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा कि जब बल्लेबाज मैदान में होता है, तो दर्शक उसे अलग-अलग सलाह देते हैं, लेकिन वह अपने खेल पर फोकस करता है। छात्रों को भी दूसरों की बातों को सुनकर खुद के लक्ष्य और मेहनत पर ध्यान देना चाहिए।

परीक्षा पे चर्चा 2025 की खासियत

इस बार परीक्षा पे चर्चा में पीएम मोदी के साथ कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं, जिन्होंने छात्रों को प्रेरित किया। इनमें अभिनेत्री दीपिका पादुकोण, आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु, बॉक्सिंग चैंपियन मैरी कॉम, पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता अवनि लेखरा, न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर, टेक्निकल गुरुजी (गौरव चौधरी) और अभिनेता विक्रांत मैसी जैसे दिग्गज शामिल थे।

Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में आज आस्था की डुबकी लगाएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, इन मंदिरों के करेंगी दर्शन

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।