Maha Kumbh 2025: महाकुंभ में आज आस्था की डुबकी लगाएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, इन मंदिरों के करेंगी दर्शन

Prayagraj Mahakumbh 2025: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आज (10 फरवरी 2025) देश की प्रथम नागरिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आस्था के संगम में डुबकी लगाएगी। मुर्मू आठ घंटे से अधिक समय तक प्रयागराज में रहेंगी। इस दौरान संगम स्नान के साथ ही यहां अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। उनके साथ प्रदेश के सीएम योगी भी मौजूद रहेंगे

अपडेटेड Feb 10, 2025 पर 8:59 AM
Story continues below Advertisement
Prayagraj Mahakumbh 2025: राष्ट्रपति की यात्रा को लेकर प्रयागराज मेला प्राधिकरण, जिला पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।

महाकुंभ मेले का आज (10 फरवरी 2025) 29वां दिन है। महाकुंभ में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज संगम में स्नान करेंगी। स्नान के बाद अक्षयवट और बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सुबह 11 बजे प्रयागराज पहुंच जाएंगी। वो यहां शाम 4 बजे तक रहेंगी। इस दौरान उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए प्रयागराज में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है। देश की प्रथम नागरिक का संगम में पावन डुबकी लगाने का यह ऐतिहासिक क्षण होगा। इससे पहले भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भी महाकुंभ में पावन स्नान किया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अक्षयवट का दर्शन-पूजन करेंगी। सनातन संस्कृति में अक्षयवट को अमरता का प्रतीक माना जाता है। यह हिन्दू धर्म का एक महत्वपूर्ण स्थल है, जिसकी महानता का पुराणों में जिक्र किया गया है। इसके अलावा वे बड़े हनुमान मंदिर में भी दर्शन करेंगी और पूजा-अर्चना कर देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना करेंगी।

राष्ट्रपति मुर्मू क्रूज के जरिए संगम तट पर पहुंचेंगी


राष्ट्रपति मुर्मू सुबह 11 बजे प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पर पहुंचेंगी। वहां से वे हेलीकॉप्टर के जरिए अरैल क्षेत्र के डीपीएस हेलीपैड पहुंचेंगी। इसके बाद वे कार से अरैल वीवीआईपी जेटी जाएंगी। वहां से निशादराज क्रूज के जरिए संगम तट तक जाएंगी। दोपहर करीब 12 बजे वे संगम में पवित्र स्नान करेंगी। इसके बाद वे गंगा पूजन और आरती करेंगी। सुरक्षा कारणों से राष्ट्रपति की मौजूदगी में संगम क्षेत्र और आसपास के प्रमुख घाटों पर कड़ी निगरानी रखी गई है। हालांकि, बाकी घाटों पर आम श्रद्धालु स्नान कर सकेंगे। राष्ट्रपति मुर्मू की यात्रा को देखते हुए प्रयागराज प्रशासन ने कई पाबंदियां लागू कर दी हैं। अरैल, संगम, किले और बड़े हनुमान मंदिर जाने वाले मार्गों पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। संगम क्षेत्र में नावों पर रोक लगा दी गई है।

ड्रोन कैमरों से की जाएगी निगरानी

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू डिजिटल महाकुम्भ अनुभव केंद्र भी देखेंगी। इसमें महाकुम्भ मेले के बारे में विस्तार से तकनीकी माध्यमों से मुहैया कराई गई है। सुरक्षा के लिहाज से संगम क्षेत्र में ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी की जाएगी। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर है। इसके अलावा, राष्ट्रपति की आवाजाही के दौरान हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जाएगी।

Prayagraj Traffic Update: महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़! संगम रेलवे स्टेशन बंद, प्रयागराज जाने वाले रास्तों पर लंबा जाम, हजारों लोग फंसे

MoneyControl News

MoneyControl News

First Published: Feb 10, 2025 8:45 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।