Indian Railways: रेलवे ने अपनी भर्ती परीक्षाओं के नतीजे घोषित करने और कब नौकरी दी जाएगी इसकी डेडलाइन तय कर दी है। दरअसल, रेलवे ने NTPC की परीक्षा में चयनित 35281 कैंडिडेट्स को मार्च 2023 तक नौकरी देने का ऐलान किया है। रेलवे के इस कदम से उन लोगों को फायदा होगा, जिन्होंने कई चरणों में परीक्षाएं दी हैं और Result का इंतजार कर रहे हैं। 4 साल के बाद 35,281 वैकेंसी को भरने के लिए रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ) एनटीपीसी परीक्षा 2022 कई रेलवे जोन और भारतीय रेल की उत्पादन इकाइयों में कराई गई थी।
21 RRB में से 17 के नतीजे घोषित
अधिकारियों ने कहा कि स्तर-6 में 7,124 कैंडिडेट्स के नतीजे घोषित किए जा चुके थे। उनका मेडिकल और अन्य डॉक्यूमेंट्स का वेरिफिकेशन चल रहा था। 21 RRB में 17 ने पहले ही अपने नतीजे घोषित कर दिए हैं। जबकि बाकी जल्द ही अपने नतीजों का ऐलान करेंगे। रेलवे की ओर से जारी किए गए टाइमटेबल के मुताबिक नवंबर के तीसरे हफ्ते तक लेवल-5 का रिजल्ट आ जाएगा। वहीं दिसंबर के दूसरे हफ्ते तक उनका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल का काम पूरा कर लिया जाएगा। जनवरी के तीसरे हफ्ते तक इन्हें नौकरी के लिए सूचीबद्ध कर लिया जाएगा।
लेवल-4 की नौकरियों में शामिल होने वालों के नतीजे जनवरी के दूसरे हफ्ते तक आ जाएंगे। इसके बाद उनका डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन और मेडिकल फरवरी के दूसरे हफ्ते तक पूरा कर लिया जाएगा। वहीं लेवल-3 की नौकरियों के लिए, पैनल मार्च 2023 के पहले हफ्ते पूरा कर लिया जाएगा। जबकि लेवल-2 की नौकरियों के लिए पूरी प्रक्रिया मार्च 2023 के चौथे हफ्ते तक पूरी हो जाएगी। इनमें स्टेशन मास्टर, गुड्स गार्ड, कमर्शियल अपरेंटिस, टिकट क्लर्क, जूनियर अकाउंट असिस्टेंट, सीनियर क्लर्क कम टाइपिस्ट और टाइमकीपर जैसी नौकरियां शामिल होंगी।