सरकारी नौकरी: पीएम मोदी आज बांटेंगे 70000 नियुक्ति पत्र, 43 जगहों पर लगेंगे रोजगार मेले

सरकारी नौकरी: देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल जून में अगले डेढ़ सालों में 10 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देने का वादा किया था। इसकी कड़ी में आज पीएम मोदी 70,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र बाटेंगे। पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए इस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। नियुक्ति पत्र देने के बाद पीएम मोदी युवाओं को संबोधित भी करेंगे

अपडेटेड Jun 13, 2023 पर 10:25 AM
Rozgar Mela: अब तक कई चरणों में रोजगार मेले के तहत नियुक्ति पत्र बांटे जा चुके हैं

सरकारी नौकरी:  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) आज यानी मंगलवार (13 जून) को देश के 70,000 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र बांटने वाले हैं। रोजगार मेला पहल के तहत ये नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम मोदी सुबह 10.30 बजे नियुक्ति पत्र बांटेंगे। इस अवसर पर देशभर में 43 जगहों पर रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। दरअसल, पिछले साल जून में पीएम मोदी ने ऐलान किया था कि अगले डेढ़ सालों में 10 लाख लोगों को मिशन मोड में सरकारी नौकरी दी जाएगी। नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं को पीएम संबोधित भी करेंगे।

बता दें कि पिछले महीने ही केंद्र में BJP सरकार के 9 साल पूरे हुए हैं। इन सालों में विपक्षी पार्टियों ने रोजगार के मुद्दे को लेकर मोदी सरकार को घेरने की कोशिश की है। BJP नेताओं का मानना है कि 10 लाख नौकरी बांटने के बाद वह विपक्ष के आरोपों का मजबूती से जवाब दे पाएंगे।

इन विभागों में हो रही हैं भर्तियां


एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, रोजगार मेले के तहत केंद्र सरकार के कई विभागों के साथ-साथ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बड़े पैमाने पर भर्तियां की जा रही हैं। जिसके लिए नवनियुक्त कर्मचारियों का चयन देशभर से किया गया है। रोजगार मेला पीएम मोदी के रोजगार बढ़ाने को प्राथमिकता देने की दिशा में बड़ा कदम है।

  • वित्तीय सेवा विभाग
  • डाक विभाग
  • स्कूल शिक्षा विभाग
  • उच्च शिक्षा विभाग
  • रक्षा मंत्रालय
  •  राजस्व विभाग
  • स्वास्थ्य मंत्रालय एवं परिवार कल्याण
  • परमाणु ऊर्जा विभाग
  • रेल मंत्रालय
  • लेखापरीक्षा एवं लेखा विभाग
  • परमाणु ऊर्जा विभाग
  • गृह मंत्रालय सहित कई विभागों में नई भर्तियां की जा रही हैं।

गौतम बुद्ध यूनिवर्सिटी में निकली है असिस्टेंट प्रोफेसर की वैकेंसी, हर महीने मिलेगी 45,000 रुपये की सैलरी

ऑनलाइन मॉड्यूल से प्रशिक्षित किए जाएंगे नए कैंडिडेट्स

नव नियुक्त सरकारी कर्मचारियों को iGOT कर्मयोगी पोर्टल पर एक ऑनलाइन मॉड्यूल ‘कर्मयोगी प्रारंभ’ के जरिए खुद को ट्रेनिंग देने का भी मौका मिलेगा। इस पोर्टल पर 400 से ज्यादा ई-लर्निंग कोर्स मुहैया कराए गए हैं। कर्मचारी कहीं से भी और किसी भी डिवाइस के जरिए इससे जुड़ सकते हैं।

22 अक्टूबर को पहले की चरण की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले साल 22 अक्टूबर को 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियां देने के अभियान की शुरुआत की थी। यह पहला चरण था। इसके बाद कई चरणों में लाखों युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंपे जा चुके हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।