Renukaswamy Murder Case: रेणुकास्वामी मर्डर केस में गिरफ्तार कन्नड़ सुपरस्टार दर्शन थुगुदीपा का कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के जेल से एक चौंकाने वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वायरल तस्वीरों में वह जेल के अंदर कुख्यात हिस्ट्रीशीट के साथ मेज-कुर्सी लगाकर बैठकी कर रहे हैं। इस दौरान वह सिगरेट पीते और चाय की चुस्की लेते भी दिख रहे हैं। वायरल तस्वीर बैंगलुरु की परप्पना अग्रहारा जेल की है। विवाद बढ़ने के बाद जेल के 7 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस ने एक्टर की तस्वीर शेयर की है, जिसमें वह ग्रे टी-शर्ट और काली पतलून पहले एक कुर्सी पर बैठे हुए हैं। इस दौरान वह एक हाथ में कॉफी या चाय और दूसरे में सिगरेट पकड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। वह किसी बगीचे में तीन अन्य लोगों के साथ बैठे हुए कॉफी पीते हुए और किसी बात पर हंसते हुए दिखाई दे रहे हैं। वायरल तस्वीर ने जेल के भीतर मिल रही VVIP ट्रीटमेंट की पोल खोल रही है।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, दर्शन के पास बैठे लोगों में से एक (काली शर्ट में) कुख्यात हिस्ट्रीशीटर विल्सन गार्डन नागा (history-sheeter Wilson Garden Naga) है। कुछ न्यूज रिपोर्टों के अनुसार, दर्शन के साथ बैठे लोगों में हिस्ट्रीशीटर विल्सन गार्डन नागा के अलावा कुख्यात कैदी नागराज (एक्टर के मैनेजर और सह-आरोपी) और कुल्ला सीना शामिल हैं।
बीजेपी का राहुल गांधी पर हमला
बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने वायरल वीडियो और तस्वीरों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी से पूछा, "क्या यह कर्नाटक कांग्रेस का खटाखट जस्टिस मॉडल है?" उन्होंने कहा, "हत्या के आरोपी फिल्म स्टार दर्शन की बेंगलुरु सेंट्रल जेल के अंदर शराब और सिगरेट के साथ वीआईपी ट्रीटमेंट लेते हुए फोटो खींची गई!! हिस्ट्रीशीटर के साथ बातचीत कर रहे हैं!"
मनीकंट्रोल फोटो और वीडियो दोनों की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं कर सका। हालांकि, रिपोर्टों के अनुसार इस मामले की जांच शुरू हो गई है और 7 जेल अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। अधिकारियों ने न तो घटनाओं की पुष्टि की है और न ही इनकार किया है।
पीड़ित परिवार ने की जांच की मांग
वायरल तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए मृतक रेणुकास्वामी के पिता काशीनाथ एस शिवनगौडरू ने इसकी जांच और इसके पीछे के लोगों को सजा देने की मांग की। उन्होंने कहा, "ऐसी चीजों से लगता है कि सीबीआई जांच होनी चाहिए।" उन्होंने कहा, "तस्वीर को देखकर मैं उसे (दर्शन) दूसरों के साथ सिगरेट पकड़े और चाय पीते हुए देखकर हैरान हूं। हमें आशंका है कि वह जेल में है या नहीं। जेल को जेल ही रहना चाहिए और कुछ और नहीं बनना चाहिए। उसके साथ अन्य सामान्य कैदियों की तरह व्यवहार किया जाना चाहिए, लेकिन यहां ऐसा लग रहा है कि वह किसी रिसॉर्ट में बैठा है।"
कन्नड़ अभिनेता को 11 जून, 2024 को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह 22 जून से न्यायिक हिरासत में बेंगलुरु जेल में बंद है। दर्शन को कन्नड़ एक्टर के फैन रेणुकास्वामी की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया था। 33 वर्षीय ऑटो ड्राइवर रेणुकास्वामी को 9 जून को बेंगलुरु में एक फ्लाईओवर के पास पाया गया था। पुलिस के अनुसार, रेणुकास्वामी को एक्टर के निर्देश पर एक गैंग द्वारा अपहरण कर लिया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई।
फैन ने कथित तौर पर एक्ट्रेस पवित्रा गौड़ा (Pavithra Gowda) को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक मैसेज भेजे थे। अफवाह है कि वह दर्शन की पार्टनर हैं। 21 अगस्त को बेंगलुरु की एक अदालत ने दर्शन, पवित्रा और अन्य की न्यायिक हिरासत 28 अगस्त तक बढ़ा दी।