Adipurush को बैन करने के लिए सिने वर्कर्स ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, फिल्म की टीम के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग

ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर उनसे फिल्म की "स्क्रीनिंग बंद करने" और भविष्य में सिनेमाघरों और OTT प्लेटफार्मों पर भी आदिपुरुष शो पर "तुरंत प्रतिबंध लगाने" का अनुरोध किया है। एक खुले पत्र में AICWA ने लिखा है कि फिल्म "स्पष्ट रूप से" भगवान राम और भगवान हनुमान की छवि को बदनाम करती है। साथ ही हिंदुओं और सनातन धर्म की धार्मिक भावनाओं को आहत करती है

अपडेटेड Jun 20, 2023 पर 3:53 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Adipurush Controversy: रिलीज के बाद से आदिपुरुष लगातार विरोध से जूझ रही है

ओम राउत की विवादास्पद फिल्म आदिपुरुष (Adipurush) सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से ही लोगों के निशाने पर है। डायलॉग्स से लेकर VFX तक हर चीज को फिल्म देखने वालों से नकारात्मक समीक्षा मिल रही है। फिल्म को लेकर चल रहे तमाम विवादों के बीच सोशल मीडिया पर लोग फिल्म की स्क्रीनिंग पर देशभर में रोक लगाने की मांग कर रहे हैं। फिल्म के कई डायलॉग को आपत्तिजनक बताया जा रहा है। तमाम लोगों का कहना है कि इससे सनातनियों की भावनाएं आहत हुई हैं। हालांकि फिल्म के मेकर्स और राइटर मनोज मुंतशिर की ओर से कहा गया है कि जिन डायलॉग से लोगों को आपत्ति है उन्हें जल्द बदला जाएगा।

देश भर के कई फिल्म थिएटरों में उग्र विरोध देखा जा रहा है। इसी बीच ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर फिल्म पर देश भर में रोक लगाने की मांग की है। इसके साथ ही AICWA ने कहा है कि फिल्म के राइटर मनोज मुंतशिर और डायरेक्टर ओम राउत सहित फिल्म की टीम के खिलाफ FIR दर्ज की जाए। बता दें कि आदिपुरुष रामायण का ऑन-स्क्रीन रूपांतरण है। फिल्म में प्रभास को भगवान राम, कृति सेनन को माता सीता और सैफ अली खान को रावण के रूप में दिखाया गया है।

फिल्म को देशभर में बैन करने की मांग


ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर उनसे फिल्म की "स्क्रीनिंग बंद करने" और भविष्य में सिनेमाघरों और OTT प्लेटफार्मों पर भी आदिपुरुष शो पर "तुरंत प्रतिबंध लगाने" का अनुरोध किया है। एक खुले पत्र में AICWA ने लिखा है कि फिल्म "स्पष्ट रूप से" भगवान राम और भगवान हनुमान की छवि को बदनाम करती है। साथ ही हिंदुओं और सनातन धर्म की धार्मिक भावनाओं को आहत करती है। पत्र में आगे लिखा गया है कि हम चाहते हैं कि निर्देशक ओम राउत, संवाद लेखक मनोज मंतशिर शुक्ला और फिल्म के निर्माताओं के खिलाफ FIR दर्ज की जाए।

पत्र के मुताबिक, FIR की इसलिए जरूरत है ताकि भगवान राम, माता सीता और राम सेवक हनुमान की छवि को बचाया जा सके। फिल्म हिंदू और सनातन धर्म के लोगों की भावनाओं को आहत कर रही है। पत्र में कहा गया है कि फिल्म में भगवान राम और यहां तक कि रावण को भी वीडियो गेम के कैरेक्टर की तरह दिखाया गया है। पत्र में ये भी लिखा गया है कि एक्टर प्रभास, कृति और सैफ को ऐसी शर्मनाक फिल्म का हिस्सा नहीं बनना चाहिए था।

नेपाल में बैन

आपको बता दें कि देश के विभिन्न हिस्सों में सोमवार सुबह से ही फिल्म को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। इतना ही नहीं माता सीता के जन्मस्थान को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद नेपाल में फिल्म की स्क्रीनिंग बंद कर दी गई है। नेपाल में फिल्म के एकमात्र वितरक मनोज राठी ने बताया कि पूरे देश में स्क्रीनिंग रोक दी गई है।

ये भी पढ़ें- डायलॉग पर बवाल के बाद नेपाल में 'आदिपुरुष' बैन, 19 जून से काठमांडू में नहीं दिखाई जाएगी कोई बॉलीवुड फिल्म

काठमांडू के मेयर बालेन शाह ने 15 जून को नेपाल की राजधानी में सिनेमा हॉल को निर्देश दिया था कि जब तक निर्माता सीता के जन्मस्थान की गलती को सुधार नहीं लेते, तब तक फिल्म की स्क्रीनिंग की अनुमति नहीं दी जा सकती। भारी विरोध के बाद निमार्ताओं ने घोषणा की कि वे दर्शकों के सम्मान में डायलॉग्स को फिर से लिखेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।