Akanksha Dubey: एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे की खुदकुशी मामले में नया मोड़, मां ने सिंगर समर सिंह पर लगाया हत्या का आरोप

Akanksha Dubey Suicide Case: भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे रविवार 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में मृत पाई गई थीं। सारनाथ थानाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने सोमवार को बताया कि मुंबई से वाराणसी पहुंची आकांक्षा की मां मधु दुबे की तहरीर पर समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है

अपडेटेड Mar 27, 2023 पर 5:35 PM
Akanksha Dubey Suicide Case: आकांक्षा की मां ने एक्ट्रेस के कथित बॉयफ्रेंड सिंगर समर सिंह को अपनी बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है

Akanksha Dubey Suicide Case: एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे (Akanksha Dubey) की 26 मार्च को कथित रूप से आत्महत्या कर लेने के बाद भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई। वह महज 25 साल की थीं। आकांक्षा का शव वाराणसी के सारनाथ इलाके में एक होटल के कमरे में लटका हुआ पाया गया था। वह वहां अपनी नई फिल्म 'नायक (Nayak)' की शूटिंग कर रही थीं। अब आकांक्षा की मां ने एक्ट्रेस के कथित बॉयफ्रेंड सिंगर समर सिंह (Samar Singh) और उनके भाई संजय सिंह (Sanjay Singh) को अपनी बेटी की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है।

मां के आरोपों के बाद उत्तर प्रदेश के सारनाथ में पुलिस ने समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है। रिपोर्ट के अनुसार, मुंबई से वाराणसी पहुंची दिवंगत एक्ट्रेस की मां की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

सिंगर के खिलाफ केस दर्ज


न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आकांक्षा दुबे आत्महत्या मामले में भोजपुरी सिंगर समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। सारनाथ थानाध्यक्ष धर्मपाल सिंह ने सोमवार को बताया कि मुंबई से वाराणसी पहुंची आकांक्षा की मां मधु दुबे की तहरीर पर समर सिंह और उनके भाई संजय सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

एक्ट्रेस ने की खुदकुशी

भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे रविवार 26 मार्च को वाराणसी के सारनाथ स्थित एक होटल के कमरे में मृत पाई गई थीं। आकांक्षा दुबे का शव पंखे पर दुपट्टे से लगाये गए फंदे से लटकता पाया गया था। सहायक पुलिस आयुक्त (सारनाथ) ज्ञान प्रकाश राय ने रविवार को कहा था कि आकांक्षा के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला लग रहा है।

उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की रहने वाली आकांक्षा फिल्म नायक की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी आई थीं और सारनाथ थानाक्षेत्र के एक होटल में ठहरी थीं। रविवार की सुबह जब वह कमरे से बाहर नहीं आईं तो साथियों के कहने पर होटल के कर्मचारियों ने मास्टर चाभी से उसके कमरे का गेट खोला।

ये भी पढ़ें- Akanksha Dubey Suicide: भोजपुरी एक्ट्रेस आकांक्षा दुबे ने की खुदकुशी, बनारस के होटल में मिला शव

आकांक्षा ने ‘कसम पैदा करने वाले की ‘2’, मुझसे शादी करोगी’ (भोजपुरी) और ‘वीरों के वीर’ सहित कई क्षेत्रीय फिल्मों में अभिनय किया था। सिंगर पवन सिंह, रानी चटर्जी, विनय आनंद और आम्रपाली दुबे जैसी भोजपुरी फिल्म हस्तियों ने आकांक्षा की मौत पर सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।