Rishi Sunak को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुने जाने पर अमिताभ बच्चन ने अनोखे अंदाज में दी बधाई, लगाया 'भारत माता की जय' का नारा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भारत की विभिन्न हस्तियों ने भारतीय मूल के ऋषि सुनक (Rishi Sunak) को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी है

अपडेटेड Oct 25, 2022 पर 12:29 PM
किंग चार्ल्स III से मुलाकात के बाद ऋषि सुनक मंगलवार को औपचारिक रूप से देश के नए प्रधानमंत्री बन जाएंगे

भारत की विभिन्न हस्तियों ने भारतीय मूल के ऋषि सुनक (Rishi Sunak) को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सुनक को ब्रिटेन का नया प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि वह वैश्विक मुद्दों पर साथ मिलकर काम करने तथा रोडमैप 2030 को लागू करने को लेकर उत्सुक हैं। बकिंघम पैलेस में किंग चार्ल्स III से मुलाकात के बाद ऋषि सुनक मंगलवार को औपचारिक रूप से देश के नए प्रधानमंत्री बन जाएंगे।

पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘ऋषि सुनक को हार्दिक बधाई! चूंकि आप ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बनने वाले हैं, मैं वैश्विक मुद्दों पर एक साथ मिलकर काम करने और रोडमैप 2030 को लागू करने के लिए उत्सुक हूं। ब्रिटिश भारतीयों के ‘जीवंत सेतु’ को दिवाली की विशेष शुभकामनाएं। हमने ऐतिहासिक संबंधों को आधुनिक साझेदारी में बदला है।

ये भी पढ़ें- Rishi Sunak की अमीर वाइफ और सास-ससुर, जानिए क्यों रहे सुर्खियों में


इसके अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने सुनक को बधाई देते हुए कहा कि भाग्य का पहिया पूरी तरह घूम गया है। बोम्मई ने सोमवार रात को हावेरी जिले के शिगगांव में संवाददाताओं से कहा कि अंग्रेजों ने 200 से अधिक वर्षों तक भारत पर शासन किया और उन्होंने कभी भी इतनी बड़ी घटना की उम्मीद नहीं की होगी। उन्होंने कहा कि आज कई देशों में भारतीय सांसद चुने गए हैं। अब, ऋषि सुनक को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री चुना गया है। उन्होंने कहा कि भाग्य का पहिया पूरी तरह से घूम गया है।

अमिताभ बच्चन और नारायण मूर्ति ने भी दी बधाई

सुनक की शादी बेंगलुरु में रहने वाले इंफोसिस के संस्थापक एन. आर. नारायण मूर्ति और सुधा मूर्ति की बेटी अक्षता मूर्ति से हुई है। ऐसे में ‘बेंगलुरु के दामाद’ कहे जाने वाले सुनक की जीत पर शहर के लोग इसे एक ऐतिहासिक पल और एक ‘परिपक्व लोकतंत्र’ का प्रतीक बता रहे हैं।

नारायण मूर्ति ने अपने दामाद ऋषि सुनक को ब्रिटेन का प्रधानमंत्री बनाए जाने पर पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘हमें उन पर गर्व है और हम उनकी सफलता की कामना करते हैं।’’ मूर्ति ने ‘पीटीआई-’ को ईमेल के माध्यम से दी गई अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा, ‘‘ऋषि को बधाई। हमें उन पर गर्व है और हम उनकी सफलता की कामना करते हैं।’’

सदी के महानायक अमिताभ बच्चन ने भी उन्हें अपने अंदाज में शुभकामनाएं भेजी है। बॉलीवुड अभिनेता ने मंगलवार को यूनाइटेड किंगडम के पहले भारतीय मूल के प्रधानमंत्री बनने के लिए ऋषि सुनक की दिल खोलकर सराहना की। अपने आधिकारिक अकाउंट पर उन्होंने लिखा, 'भारत माता की जय, अब ब्रिटेन के पास अपने देश की ओर से प्रधानमंत्री के रूप में एक नया वायसराय है।'

सुनक रचेंगे इतिहास

बता दें कि सुनक ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री बन इतिहास रचेंगे। ठीक दिवाली के दिन पेनी मॉर्डंट के दौड़ से हटने की घोषणा के बाद सुनक को कंजरवेटिव पार्टी का निर्विरोध नेता चुन लिया गया। 42 वर्षीय पूर्व वित्त मंत्री सुनक को कंजरवेटिव पार्टी के 357 में से आधे से अधिक सांसदों का समर्थन मिला, जबकि उन्हें जीत के लिए कम से कम 100 सांसदों के समर्थन की जरूरत थी।

सांसदों की प्रभावशाली समिति 1922 के प्रमुख सर ग्राहम ब्रैडी ने नाम वापस लेने के आखिरी दिन स्थानीय समयानुसार दोपहर दो बजे संसद परिसर में घोषणा की कि उन्हें केवल एक नामांकन मिला है, लिहाजा सुनक नेता बनने की दौड़ में विजयी रहे हैं।

इसका मतलब है कि बकिंघम पैलेस में महाराजा चार्ल्स तृतीय से मुलाकात के बाद सुनक प्रधानमंत्री बनेंगे। आगे के कार्यक्रम की घोषणा जल्द की जाएगी। वह आधुनिक इतिहास में सबसे कम उम्र के ब्रिटिश प्रधानमंत्री भी होंगे। वर्तमान रिकॉर्ड धारक डेविड कैमरन हैं, जो 42 साल की उम्र में प्रधानमंत्री बने थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।