Border 2 Announcement: बॉलीवुड सुपरस्टार सनी देओल स्टारर ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बॉर्डर' के सीक्वल की आधिकारिक घोषणा हो गई है। 'गदर 2' की व्यापक सफलता के बाद 'बॉर्डर 2' की घोषणा की गई है। खुद सनी देओल ने गुरुवार 13 जून को 1997 में रिलीज हुई 'बॉर्डर' के सीक्वल का अनाउंसमेंट किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर फिल्म की घोषणा का एक वीडियो शेयर किया। 'बॉर्डर 2' फिल्म जेपी दत्ता की 1997 में आई फिल्म 'बॉर्डर' का सीक्वल है। यह 13 जून 1997 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।
वीडियो में सनी देओल कहते हैं, "27 साल पहले एक फौजी ने वादा किया था कि वो वापस आएगा। उसी वादे को पूरा करने हिंदुस्तान की मिट्टी को अपना सलाम कहने आ रहा है।" अनाउंसमेंट वीडियो में 'बॉर्डर 2' को "भारत की सबसे बड़ी युद्ध पर आधारित फिल्म" बताया गया है। वीडियो के बैकग्राउंड में रूप कुमार राठौड़ और सोनू निगम का फेमस गाना 'संदेशे आते हैं...' बज रहा है।
अनाउंसमेंट वीडियो में फिल्म से जुड़ा कोई विजुअल नहीं है, सिर्फ बैकग्राउंड में सनी देओल की आवाज सुनाई देती है। 'बॉर्डर 2' का निर्देशन अनुराग सिंह करेंगे। इससे पहले वे 'दिल बोले हड़िप्पा', 'जट्ट एंड जूलियट', 'पंजाब 1984' और 'केसरी' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। निर्माताओं ने अभी तक फिल्म के बाकी कलाकारों की घोषणा नहीं की है।
'बॉर्डर 2' जेपी दत्ता की 1997 की हिट वॉर ड्रामा 'बॉर्डर' का सीक्वल है। 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान बनी इस फिल्म में सनी देओल, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, अक्षय खन्ना, कुलभूषण खरबंदा और पुनीत इस्सर जैसे कई कलाकार शामिल थे।
सनी देओल ने 'मेजर कुलदीप सिंह' की भूमिका निभाई थी, जो एक सख्त सरदार जवान था और अपनी बटालियन का नेतृत्व करता था। 'बॉर्डर 2' का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता करेंगे।