साउथ सुपरस्टार एक्टर धनुष और ऐश्वर्या रजनीकांत ने (Dhanush-Aishwarya Rajnikanth) ने अपने तलाक के फैसले को टालने का फैसला लिया है। जी हां, रिपोर्ट्स की मानें तो कपल अपने 18 साल के पूराने रिश्ते को एक और मौका देंगे। खबरों के मुताबिक कपल अब तलाक नहीं लेगा।
आपको बता दें कि धनुष और ऐश्वर्या ने इसी साल जनवरी में अपने तलाक का ऐलान किया था, लेकिन अब दोनों ने अपना इरादा बदल दिया है। जानकारी के मुताबिक, धनुष और ऐश्वर्या अब अपने रिश्ते को एक और मौका देना चाहते थे।
धनुष और ऐश्वर्या रजनीकांत ने इस साल की शुरुआत में सभी को तब चौंका दिया जब उन्होंने अलग होने की घोषणा की। उस समय धनुष ने ट्विटर पर अलग होने के बारे में एक लंबा नोट लिखा था। धनुष ने 2004 में दक्षिण भारतीय मेगास्टार रजनीकांत की सबसे बड़ी बेटी ऐश्वर्या से शादी की थी। यात्रा राजा और लिंग राजा नाम के के दो बेटे हैं।
न्यूज 18 की रिपोर्ट के अनुसार, भले ही दोनों ने अलग होने का कोई कारण नहीं बताया था, लेकिन ऐसी खबरें आ रही थीं कि धनुष और ऐश्वर्या के परिवार उन्हें साथ रहने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद ऐश्वर्या ने अपने तलाक को रोकने का फैसला किया।
निजी मामलों को हल करने की करेंगे कोशिश
Tollywood.net की रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों तलाक की प्रोसीडिंग्स रोक रहे हैं। दोनों अपने निजी मामलों को हल करने की कोशिश करेंगे। बताया जा रहा है कि रजनीकांत के घर पर धनुष और ऐश्वर्या के घरवालों ने बैठकर बात की। इस दौरान तय हुआ कि जो भी दिक्कतें हैं दोनों आपस में मिलकर सुलझाएंगे। दोनों बड़ों के सम्मान में पॉजिटिव डिसीजन लेने की कोशिश करेंगे।
धनुष और ऐश्वर्या ने सोशल मीडिया पर अलग होने की घोषणा करते हुए लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने का अनुरोध किया था। धनुष ने एक पोस्ट में लिखा था कि हमने 18 साल दोस्त, कपल, माता-पिता के रूप में एक-दूसरे के शुभचिंतक को रूप में बिताए। लेकिन आज हम ऐसी जगह खड़े हैं, जहां हमारे रास्ते अलग हो रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा था कि ऐश्वर्या और मैंने एक कपल के रूप में अलग होने का फैसला किया है, जिससे हम खुद को बेहतर तरीके से समझने का मौका दे सकें। हालांकि, अब रिश्ते को एक और मौका देने की बात कही गई है।