Mahadev betting app scam: रणबीर कपूर, ​कपिल शर्मा के बाद अब श्रद्धा कपूर को भी ED ने भेजा समन

महादेव ऑनलाइन बुक बेटिंग ऐप पर कथित तौर पर नए यूजर्स को एनरोल करने, यूजर आईडी बनाने और बेनामी बैंक खातों के एक लेयर्ड वेब के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग करने का आरोप है। ईडी के अनुसार, सट्टेबाजी की आय को विदेशी खातों में भेजने के लिए बड़े पैमाने पर हवाला ऑपरेशन किए गए थे। ऐप के फाउंडर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल हैं

अपडेटेड Oct 06, 2023 पर 9:47 AM
श्रद्धा के आज 6 अक्टूबर को ही ED के सामने पेश होने की उम्मीद है।

Mahadev Betting App Scam: महादेव बैटिंग ऐप स्कैम मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर (Shraddha Kapoor) को समन भेजा है। उनके आज 6 अक्टूबर को ही ED (Enforcement Directorate) के सामने पेश होने की उम्मीद है। श्रद्धा कपूर के अलावा ED, रणबीर कपूर, हुमा कुरैशी, कपिल शर्मा, हिना खान को भी समन भेज चुका है। रणबीर कपूर ने जांच एजेंसी के सामने पेश होने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है। ED की ओर से महादेव ऑनलाइन बुक ऐप के मनी लॉन्ड्रिंग ऑपरेशंस की जांच की जा रही है। ये ऑपरेशंस 5000 करोड़ रुपये के हो सकते हैं।

इन हस्तियों को मामले में आरोपी नहीं बनाया गया है, लेकिन उनसे यह देखने के लिए पूछताछ की जाएगी कि वे ऐप के फाउंडर्स द्वारा उन्हें किए गए पेमेंट के तरीके के बारे में और यह पैसा कहां से आया, इस बारे में क्या जानते हैं। महादेव ऑनलाइन बुक बेटिंग ऐप (Mahadev Online Book Betting App) पर कथित तौर पर नए यूजर्स को एनरोल करने, यूजर आईडी बनाने और बेनामी बैंक खातों के एक लेयर्ड वेब के माध्यम से मनी लॉन्ड्रिंग करने का आरोप है। ED के अनुसार, सट्टेबाजी की आय को विदेशी खातों में भेजने के लिए बड़े पैमाने पर हवाला ऑपरेशन किए गए थे। ऐप के फाउंडर सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल हैं।

एक दर्जन से ज्यादा बड़ी ​हस्तियां जांच के दायरे में 


कहा जा रहा है कि बॉलीवुड, टॉलीवुड अभिनेता और खिलाड़ियों समेत एक दर्जन से ज्यादा बड़ी ​हस्तियां जांच के दायरे में हैं। आरोप है कि ऐप के प्रमोटर्स ने मशहूर हस्तियों को भुगतान करने के लिए सट्टेबाजी के पैसे का इस्तेमाल किया। बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर कथित तौर पर इन लोगों में सबसे ज्यादा रकम पाने वाले स्टार हैं। रणबीर कपूर ने सोशल मीडिया विज्ञापनों के माध्यम से ऐप का प्रचार किया और कैश में पेमेंट स्वीकार किया, जिसे ED अपराध की आय के रूप में मान रहा है। ईडी ने उन्हें 6 अक्टूबर को अपने रायपुर कार्यालय में बुलाया था। रणबीर ने ED के सामने पेश होने के लिए दो सप्ताह का समय मांगा है।

UAE में शादी पर फूंके 200 करोड़

इसके अलावा कई अन्य हस्तियां भी ED की जांच के दायरे में हैं। कथित तौर पर उन्हें ऐप प्रमोटर सौरभ चंद्राकर की इसी साल फरवरी में यूएई में हुई भव्य शादी और पिछले साल सितंबर में कंपनी की सक्सेस पार्टी में परफॉर्म करने के लिए हायर किया गया था। सौरभ चंद्राकर के अपनी शादी पर 200 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की बात कही जा रही है। आरोप है कि चंद्राकर ने अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों को नागपुर से लाने-ले जाने के लिए प्राइवेट जेट किराए पर लिए और अकेले होटलों के लिए 42 करोड़ रुपये का पेमेंट किया। सारा पेमेंट कैश में हुआ। शादी में परफॉर्म करने के लिए मशहूर हस्तियों को हायर किया गया। वेडिंग प्लानर, डांसर, डेकोरेटर आदि को मुंबई से हायर किया गया था और नकद भुगतान करने के लिए हवाला चैनलों का इस्तेमाल किया गया।

कुछ हफ्ते पहले इस मामले में विशाल डडलानी, आतिफ असलम, राहत फतेह अली खान, नुसरत भरूचा, कृति खरबंदा, भारती सिंह और कृष्णा अभिषेक के साथ टाइगर श्रॉफ और सनी लियोनी के भी नाम सामने आए थे।

खुद की AI चिप बनाना चाहती है ChatGPT वाली OpenAI, इस वजह से तलाश रही रास्ते

417 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त

ED ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी मामले में 417 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त/फ्रीज कर ली है। ED ने हाल में कोलकाता, भोपाल, मुंबई आदि शहरों में महादेव ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क के खिलाफ व्यापक स्तर पर छापेमारी की थी। इस दौरान कई सबूत इकट्ठा किए गए और अपराध से अर्जित 417 करोड़ रुपये की राशि जब्त/फ्रीज की गई। अधिकारियों का कहना है कि कंपनी दुबई से परिचालन कर रही थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।