कर्नाटक के विजयनगर जिले (Vijayanagar district) के हम्पी में एक लाइव कार्यक्रम के दौरान मशहूर गायक कैलाश खेर (Kailash Kher) पर बोतल फेंकने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। गायक रविवार को हम्पी उत्सव (Hampi Utsav) के समापन समारोह में परफॉर्मेंस कर रहे थे, तभी यह घटना हुई। कैलाश खेर इन दिनों कर्नाटक में हैं, जहां वह हंपी महोत्सव का हिस्सा बने हैं। रविवार, 29 जनवरी की शाम भी खेर के लाइव कॉन्सर्ट का आयोजन किया गया। इस कॉन्सर्ट में हजारों की संख्या में भीड़ उनकी आवाज पर झूम रही थी। लेकिन एकाएक गायक पर शीशे के बोतल फेंके गए। स्टेज पर उनके साथ खड़ी गायक की टीम ने किसी तरह से उनका बचाव किया।
हालांकि, इस हमले से बाल-बाल बच गए। गायक ने हमले के बावजूद गाना जारी रखा। कर्नाटक में तीन दिन के हम्पी महोत्सव का आयोजन किया गया था, जो रविवार को 29 जनवरी तक चला। इस महोत्सव में कई जाने-माने सिंगर्स ने महोत्सव में परफॉर्मेंस दी। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने कर्नाटक के दो लोगों को कैलाश खेर पर बोतल फेंकने के आरोप में हिरासत में लिया है।
हमला होने के कारण की बात करे तो जानकारी मिली है कि कॉन्सर्ट के दौरान एक शख्स बार- बार कैलाश खेर से कन्नड़ गाना गाने की मांग करता रहा। लेकिन जब गायक तक उसकी फरमाइश नहीं पहुंची तो उसने बोतल से उनपर हमला कर दिया। पुलिस की पूछताछ में हमलावर ने यहीं बयान दिया है। कैलाश खेर और उनका बैंड कैलाशा इस संगीत कार्यक्रम में शामिल हुआ था। यह उत्सव 27 जनवरी को शुरू हुआ था।
बोतल फेंकने के आरोप में दोनों आरोपियों को कर्नाटक पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है। कैलाश खेर के अलावा कई बॉलीवुड और कन्नड़ सिंगर्स ने इवेंट में परफॉर्म किया। इवेंट में कन्नड़ प्लेबेक सिंगर अर्जुन, विजय प्रकाश, रघु दीक्षित और अनन्या भात ने परफॉर्म किया। वहीं, बॉलीवुड से अरमान मलिक और कैलाश खेर शामिल हुए थे। इवेंट में वर्ल्ड हेरिटेज साइट की महिमा दिखाने के लिए एक साउंड और लाइट शो भी हुआ था।